श्रेया घोषाल ने सोशल मीडिया पर शेयर की अपने बेटे की पहली तस्वीर

गायिका श्रेया घोषाल की मखमली आवाज ने लाखों लोगों को दीवाना बनाया है। दिलकश आवाज के साथ श्रेया अपनी खूबसूरती के लिए भी जानी जाती हैं। इस साल श्रेया पहली बार मां बनने को लेकर सुर्खियों में रही हैं। श्रेया ने बीते 22 मई को अपने पहले बच्चे के रूप में बेटे को जन्म दिया है। अब श्रेया ने पहली बार फैंस के साथ इस नन्हें मेहमान की तस्वीर साझा की है। उन्होंने अपने बेटे का नाम भी बताया है।
श्रेया ने ट्विटर हैंडल पर बेटे की पहली झलक फैंस के साथ शेयर की है। इस तस्वीर में वह अपने पति शिलादित्य मुखोपाध्याय के साथ बच्चे का थामे हुए नजर आ रही हैं। उन्होंने अपने बेबी बॉय का नाम देवयान मुखोपाध्याय रखा है। श्रेया ने अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा, 'देवयान का परिचय करा रही हूं। उनका जन्म 22 मई को हुआ और हमारी जिंदगी हमेशा के लिए बदल गई। पहली झलक में उन्होंने दिल में जगह बना ली।'
Introducing- ‘Devyaan Mukhopadhyaya’
— Shreya Ghoshal (@shreyaghoshal) June 2, 2021
He arrived on 22nd May changed our lives forever. In that first glimpse as he was born he filled our hearts with a kind of love only a mother, a father can feel for their child. Pure uncontrollable overwhelming love❤️ @shiladitya pic.twitter.com/MbD386CdqC
उन्होंने बताया कि मां और पिता ही अपने बच्चे के लिए प्यार महसूस कर सकते हैं। सोशल मीडिया पर श्रेया के बेटे की पहली तस्वीर वायरल हो रही है। फैंस नन्हें मेहमान को शुभकामनाएं दे रहे हैं। श्रेया ने 22, मई 2021 को इंस्टाग्राम हैंडल पर तस्वीर शेयर करके मां बनने की जानकारी दी थी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा था, 'भगवान ने हमें एक बच्चे का आशीर्वाद दिया। यह ऐसा भाव है, जिसे पहले महसूस नहीं किया था।'
अपनी आवाज से करोड़ों दिलों पर राज करने वाली नेशनल अवॉर्ड विजेता श्रेया ने 5 फरवरी, 2015 को अपने बचपन के दोस्त शिलादित्य से शादी की थी। इसमें उनके परिवार के लोगों और चुनिंदा दोस्तों ने शिरकत की थी। करीब 10 साल एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने अपने रिश्ते को शादी का नाम देने का फैसला किया। शिलादित्य रैजिलेंट टेक्नोलॉजी के संस्थापक हैं। श्रेया अक्सर उनके साथ सोशल मीडिया पर तस्वीरें पोस्ट करती रहती हैं।
श्रेया ने निर्देशक संजय लीला भंसाली की फिल्म 'देवदास' से पार्श्व गायन करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म में उन्होंने पांच गीतों 'सिलसिला ये चाहत का', 'बैरी पिया', 'छलक छलक', 'मोरे पिया' और 'डोला रे डोला' में सुर लगाए थे। इसके बाद उन्होंने करियर में पीछे मुड़ कर नहीं देखा। भंसाली ने 75वें चिल्ड्रेन्स डे स्पेशल शो में श्रेया की परफॉर्मेंस देखी थी। इसके बाद उन्होंने अपनी फिल्म 'देवदास' में श्रेया को गाने का मौका दिया था।
श्रेया हाल में रिलीज हुए अपने गीत 'अंगना मोरे' को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने खुद ही इस गाने के बोल लिखे हैं, जबकि इसके प्रोड्यूसर उनके भाई सौम्यदीप घोषाल हैं। इस गाने पर बात करते हुए श्रेया ने कहा था, "लॉकडाउन के दौरान मैं बहुत बोर हो रही थी। उसी बीच मेरे दिमाग में इस गाने को बनाने का विचार आया था।" श्रेया ने कहा था कि 2020 में लॉकडाउन की वजह से उन्हें रियाज के लिए वक्त मिला।