गायक पापोन ने असम की बाढ़ के लिए की समर्थन की अपील, वीडियो जारी कर कही ये बात
गायक पापोन ने असम में आई भीषण बाढ़ के बाद तत्काल मदद की अपील की है। एक वीडियो संदेश में उन्होंने लोगों को वहां के हालात से रूबरू कराया।
उन्होंने बताया कि कैसे बाढ़ की वजह से पूरे के पूरे गांव पानी में डूब गए हैं, कई लोगों की जान चली गई है और बहुत से लोग अपना घर-बार खोकर बेघर हो चुके हैं।
पापोन ने कहा, 'हालात बहुत बुरे हैं।' उन्होंने देश और दुनिया भर में बैठे लोगों से अपील की है कि वे आगे आकर पीड़ितों की मदद करें।
असम में मौत का आंकड़ा पहुंचा इतना
पापोन ने लोगों से अपील की है कि वे उनकी इस अपील को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाएं ताकि पीड़ितों को ज्यादा से ज्यादा मदद मिल सके।
इन बाढ़ों की वजह से अब तक 68 लोगों की जान चली गई है। असम सरकार के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा खुद मैदान में उतरकर राहत कार्यों की देखरेख कर रहे हैं।
उनकी टीम बिजली बहाल करने और सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने जैसे जरूरी कामों में लगी हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र सरकार की तरफ से असम को हर तरह की मदद देने का भरोसा दिया है।