जुबिन नौटियाल बन गए पिता, गणेश चतुर्थी पर पत्नी के साथ किया बेटे का स्वागत
क्या है खबर?
बॉलीवुड के मशहूर पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल के घर बेटे का आगमन हुआ है। अपने हालिया इंटरव्यू में गायक ने बताया कि 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर उन्होंने अपनी पत्नी के साथ अपने पहले बच्चे (बेटे) का स्वागत किया है। उन्होंने यह भी बताया कि मां और बच्चा दोनों स्वस्थ्य हैं और उनका परिवार इस खुशी का जश्न मना रहा है। गायक द्वारा इस खुशखबरी को सुनाए जाने के बाद फैंस उन्हें बधाई दे रहे हैं।
खुशी
एक बेटे के पिता बन चुके हैं जुबिन
बॉम्बे टाइम्स से बातचीत में, जुबिन ने अपनी खुशी जताते हुए कहा, "जी हां, मैं अब पिता बन गया हूं। हमारे बेटे का जन्म 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के बेहद शुभ दिन हुआ। मां और बच्चा दोनों घर वापस आ गए हैं और स्वस्थ हैं।"
जब उनसे बच्चे का नाम पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "हमने अभी तक अपने बेटे के लिए कोई नाम नहीं सोचा है। हम अभी उसके साथ सभी खूबसूरत पलों का आनंद ले रहे हैं।"
शादी
गायक ने बचपन की प्रेमिका से रचाई थी शादी
जुबिन ने इस साल अप्रैल में अपनी बचपन की प्रेमिका से उत्तराखंड में एक निजी समारोह में शादी रचाई थी।
दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने अपनी शादी की जानकारी सार्वजनिक नहीं की और न ही कोई तस्वीरें साझा की थीं।
TOI के अनुसार, एक सूत्र ने बताया था कि जुबिन अपनी प्रेमिका के साथ शादी के बंधन में बंध चुके हैं। गायक ने इस समारोह को बेहद निजी रखा और बॉलीवुड सितारों के लिए रिसेप्शन भी नहीं रखा था।