LOADING...
गायक जुबिन नौटियाल ने गुपचुप रचाई शादी, बचपन की साथी को बनाया हमसफर
जुबिन नौटियाल ने शादी कर ली

गायक जुबिन नौटियाल ने गुपचुप रचाई शादी, बचपन की साथी को बनाया हमसफर

Apr 16, 2026
02:44 pm

क्या है खबर?

मशहूर पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबरों के अनुसार, वह जिंदगी के एक नए अध्याय की शुरुआत करते हुए शादी के पवित्र बंधन में बंध गए हैं। बताया जाता है कि गायक ने उत्तराखंड स्थित अपने गृहनगर में आयोजित एक निजी समारोह में बचपन की प्रेमिका के साथ पारंपरिक रीति-रिवाज से शादी रचाई है। इस सादगी भरे समारोह में सिर्फ परिवार और कुछ खास लोग शामिल हुए थे।

चुप्पी

जुबीन नौटियाल ने शादी की खबर पर साध रखी है चुप्पी

TOI के मुताबिक, एक सूत्र ने दावा करते हुए कहा, "जुबिन ने बड़े सार्वजनिक समारोह के बजाय एक साधारण, पारंपरिक समारोह चुना। वे अपनी निजी जिंदगी को लेकर हमेशा से गोपनीय रहे हैं। वे भव्य शादी नहीं चाहते थे और अपने प्रियजनों के साथ अपने इस खास दिन को मनाकर खुश थे।" हालांकि, गायक ने अभी तक अपनी शादी की खबरों की पुष्टि या फिर खंडन नहीं किया है। ना ही उनकी प्रेमिका की पहचान को उजागर किया गया है।

रिश्ता

गायक ने सोशल मीडिया पर दिया था रिश्ते का संकेत

जुबीन ने भले ही अपनी शादी की खबरों पर चुप्पी साध रखी हो, लेकिन उन्होंने इसी साल सोशल मीडिया पर अपने रिश्ते को लेकर एक संकेत दिया था। दरअसल, वैलेंटाइन डे पर गायक ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपने पार्टनर की एक झलक साझा की थी। तस्वीर ने फैंस का ध्यान खींचा था, लेकिन जुबिन ने अटकलों को हवा देने की बिल्कुल कोशिश नहीं की थी। अब उनकी शादी की खबरें आने से फैंस उन्हें बधाई देने को बेताब हैं।

Advertisement