'धुरंधर 2': सतिंदर सरताज के साथ गाने पर जैस्मिन सैंडलस बोलीं- ये मेरे लिए सपने जैसा
क्या है खबर?
रणवीर सिंह की हालिया रिलीज फिल्म 'धुरंधर 2' के चर्चे इस वक्त चारों दिशाओं में फैले हैं। फिल्म के साथ-साथ इसके गानों को भी दर्शकों की बेहद सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलती दिखाई दे रही है। हाल ही में, पार्श्व गायिका जैस्मिन सैंडलस ने इसमें गाए गए अपने गाने 'जाइए सजना' पर बात की जिसमें उनका साथ सतिंदर सरताज ने दिया है। गायिका ने बताया कि सरताज के साथ गाना उनके लिए सपने के सच होने जैसा रहा है।
तारीफ
जैस्मिन सैंडलस ने सोशल मीडिया पर तारीफ की
जैस्मिन ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया है जो 'जाइए सजना' गाने के लॉन्च इवेंट का है। उन्होंने गायक सरताज की तारीफ करते हुए अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की और लिखा, 'एकमात्र @satindersartaaj के साथ काम करना मेरे लिए एक सपने के सच होने जैसा है। मैं उनकी बहुत बड़ी प्रशंसक हूं और उनके संगीत की दीवानी हूं। मेरी मां बहुत खुश हैं और यही मेरी सबसे बड़ी जीत है।'
परिचय
जानिए कौन हैं सतिंदर सरताज
सरताज, पंजाबी इंडस्ट्री के लोकप्रिय गायक, गीतकार, कवि और अभिनेता हैं। पंजाबी सूफी और लोकगीत में उन्होंने खास पहचान बनाई है। उनका अब तक का सुपरहिट ट्रैक 'साई' है। इसके अलावा, उन्होंने 'उदारियां', 'मासूमियत' और 'इक्को मिक्के' जैसे चर्चित गाने भी गाए हैं। सरताज अभिनय की दुनिया में भी कदम रख चुके हैं। 2017 में आई हॉलीवुड फिल्म 'द ब्लैक प्रिंस' से उन्होंने अपना डेब्यू किया था। फिलहाल वह 'धुरंधर 2' के 'जाइए सजना' गाने से चर्चा में हैं।