'धुरंधर 2' की तूफानी कमाई 400 करोड़ के पार, 'पुष्पा' और 'जवान' का तोड़ा रिकॉर्ड
क्या है खबर?
रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' रिलीज के बाद से बॉक्स ऑफिस पर गरज रही है। इसकी तूफानी कमाई ने वीकेंड का भरपूर फायदा उठाते हुए 4 दिनों में 400 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। फिल्म को दर्शकों की बेहतरीन प्रतिक्रिया मिल रही है जिसका सबूत सोशल मीडिया पर साफ देखने को मिल रहा है। चलिए जानते हैं कि रिलीज के चौथे दिन 'धुरंधर 2' ने कितना कारोबार किया और क्या नया रिकॉर्ड कायम किया है।
कमाई
400 करोड़ के क्लब में शामिल हुई रणवीर सिंह की फिल्म
सैकनिल्क के मुताबिक, 'धुरंधर 2' ने रिलीज के पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 102.55 करोड़ रुपये से ओपनिंग ली थी। दूसरे दिन इसने 80.72 करोड़ रुपये कमाए, जबकि तीसरे दिन का कलेक्शन 113 करोड़ रुपये था। फिल्म ने चौथे दिन, यानी रविवार को 114.85 करोड़ कमाए, जिसके बाद कुल कमाई 454.12 करोड़ रुपये हो गई है। 'धुरंधर 2' की धाकड़ कमाई का सिलसिला दुनियाभर में जारी है। इसने 4 दिनों में वर्ल्डवाइड 691.32 करोड़ रुपये कमा लिए है।
रिकॉर्ड
'धुरंधर 2' ने इन फिल्मों का तोड़ा रिकॉर्ड
कुल 4 दिन में 400 करोड़ के क्लब में शामिल होकर 'धुरंधर 2' ने जो रिकॉर्ड बनाया है, इससे पहले किसी ने नहीं बनाया। 2025 में आई पहली किस्त 'धु़रंधर' को भी 400 करोड़ कमाने में 12 दिन लगे थे। 'पुष्पा 2' ने एक हफ्ते में 400 करोड़ कमाए थे, जबकि 'जवान' को यह आंकड़ा पार करने में 9 दिन लगे थे। इसके अलावा, 'स्त्री 2' ने 11 दिन, और 'छावा' ने 14 दिन में यह आंकड़ा पार किया था।