गुनीत मोंगा कपूर ने लद्दाखी निर्माता का किया समर्थन, 'द ड्रैगन लेटर' की बनी कार्यकारी निर्माता
गुनीत मोंगा कपूर और अचीन जैन की कंपनी सिखिया एंटरटेनमेंट, लद्दाखी निर्देशक स्टैनजिन जिग्मेट की शॉर्ट फिल्म 'द ड्रैगन लेटर' की कार्यकारी निर्माता बन गई है।
यह फिल्म हिमालय के एक बोर्डिंग स्कूल पर आधारित है। इसमें 10 साल के स्कार्मा की कहानी है, जो अपने विदेशी स्पॉन्सर को खत लिखने में संघर्ष कर रहा है।
फिल्म बचपन, करुणा और अपनी पहचान को समझने के मायने बताती है।
'द ड्रैगन लेटर' 99वें ऑस्कर में शामिल
बार्सिलोना और लद्दाख की टीमों ने मिलकर 'द ड्रैगन लेटर' को निर्मित किया है। इसे 99वें एकेडमी अवार्ड्स में 'लाइव एक्शन शॉर्ट फिल्म' कैटेगरी के लिए भेजा गया है।
यह गुनीत का 5वां ऑस्कर कैंपेन है, जो अनोखी कहानियों के प्रति उनके जुनून को दिखाता है।
इस बारे में उन्होंने कहा, "यह वाकई खास बात है कि एक फिल्ममेकर, जिसने अपनी कहानियां कहने के लिए इतनी चुनौतियों का सामना किया, उसने इतनी गरमाहट, सहानुभूति और इंसानियत से भरी फिल्म बनाई है। हमें स्टैनजिन और उनके इस खूबसूरत सपने को दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाने में मदद करते हुए गर्व महसूस हो रहा है।"