LOADING...
सिद्धार्थ मल्होत्रा पिता के निधन से टूटे, प्रियंका चोपड़ा समेत इन सितारों ने दी हिम्मत
सिद्धार्थ मल्होत्रा के दुख में साथ खड़े हुए बॉलीवुड सितारे (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@sidmalhotra)

सिद्धार्थ मल्होत्रा पिता के निधन से टूटे, प्रियंका चोपड़ा समेत इन सितारों ने दी हिम्मत

Feb 18, 2026
09:41 am

क्या है खबर?

बॉलीवुड अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा के पिता का निधन हो गया है, जिससे अभिनेता और उनका पूरा परिवार गहरे दुख में है। इस खबर के बाद से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। प्रियंका चोपड़ा, आलिया भट्ट और कई अन्य बड़े सितारों ने सोशल मीडिया के जरिए सिद्धार्थ को सांत्वना दी है और उनके पिता को श्रद्धांजलि अर्पित की है। मुश्किल की इस घड़ी में लगातार कई सितारे सिद्धार्थ के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।

याद

पिता को खोकर भावुक हुए सिद्धार्थ

सिद्धार्थ ने सोशल मीडिया पर पिता की तस्वीरें साझा कर लिखा, 'वो ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और उच्च संस्कारों वाले व्यक्ति थे। वो अपने मूल्यों पर हमेशा अडिग रहे। उनमें बिना कठोरता के अनुशासन था और बिना अहंकार के शक्ति। जब जीवन ने उनकी कठिन परीक्षा ली, तब भी उन्होंने सकारात्मकता बनाए रखी। मर्चेंट नेवी कैप्टन के रूप में समुद्र पर राज करने से लेकर बीमारी का बहादुरी से सामना करने तक, उन्होंने कभी समझौता नहीं किया। ना ही अपनी गरिमा खोई।।'

दुखद

आपकी कमी कभी पूरी नहीं होगी पापा- सिद्धार्थ

सिद्धार्थ ने आगे लिखा, 'जब स्ट्रोक (लकवा) के कारण पापा व्हीलचेयर तक सीमित हो गए, तब भी उनका आत्मबल अडिग रहा। पापा, आपकी सत्यनिष्ठा ही मेरी विरासत है। आपकी शक्ति हर दिन मेरा मार्गदर्शन करती है। आपकी सकारात्मकता हमें एक सूत्र में बांधे हुए है। आप अपनी नींद में शांति से हमें छोड़कर चले गए, लेकिन आपके जाने से जो खालीपन आया है, उसे भरा नहीं जा सकता। मैं आज जो भी हूं आपकी वजह से हूं। लव यू डैड।'

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

सिद्धार्थ मल्होत्रा का पोस्ट

Advertisement

श्रद्धांजलि

बॉलीवुड की तमाम बड़ी हस्तियों ने जताया दुख

सिद्धार्थ के इस भावुक पोस्ट पर प्रियंका चोपड़ा ने लिखा, 'सुनकर बहुत बुरा लगा सिड। मेरी संवेदनाएं तुम्हारे साथ हैं।' आलिया भट्ट और करण जौहर ने दिल वाला इमोजी पोस्ट कर अपना दुख साझा किया। राजकुमार राव ने लिखा, 'मेरे भाई, इस दुख की घड़ी में तुम्हारे साथ हूं।' भूमि पेडनेकर लिखती हैं, सिड मेरी संवेदनाएं तुम्हारे साथ हैं। तुम्हें ढेर सारा प्यार और प्रार्थनाएं भेज रही हूं।' जेनेलिया डिसूजा ने लिखा, 'हमारा सारा प्यार तुम्हारे साथ है।'

दुख की घड़ी

पत्नी कियारा आडवाणी के साथ दिल्ली में सिद्धार्थ

हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, सिद्धार्थ के पिता का निधन 13 फरवरी को हुआ था। इस दुखद घड़ी में सिद्धार्थ और उनकी पत्नी कियारा आडवाणी अपने परिवार के साथ नई दिल्ली में मौजूद हैं। बता दें कि सिद्धार्थ के पिता मर्चेंट नेवी में पूर्व कैप्टन थे। सिद्धार्थ ने अक्सर अपने साक्षात्कारों में अपने पिता के मजबूत सिद्धांतों और कार्य नैतिकता का जिक्र किया है। जब वो मुंबई में संघर्ष कर रहे थे, तब उनके पिता ने उनका भरपूर साथ दिया था।

Advertisement