Page Loader
जन्मदिन विशेष: सिद्धांत चतुर्वेदी की बॉलीवुड में कैसे हुई एंट्री? जानिए किस्सा
सिद्धांत चतुर्वेदी को कैसे मिली उनके करियर की पहली फिल्म?

जन्मदिन विशेष: सिद्धांत चतुर्वेदी की बॉलीवुड में कैसे हुई एंट्री? जानिए किस्सा

Apr 29, 2023
07:46 am

क्या है खबर?

सिद्धांत चतुर्वेदी नई पीढ़ी के उन कलाकारों में शुमार हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर बॉलीवुड में अपनी एक खास जगह बनाई है। सिद्धांत ने निर्देशक जोया अख्तर की फिल्म 'गली बॉय' से अपने करियर की शुरुआत की थी। उनका अभिनय इतना दमदार था कि वह फिल्म के हीरो रणवीर सिंह पर भी भारी पड़े थे। 29 अप्रैल को सिद्धांत अपना 30वां जन्मदिन मना रहे हैं। आइए जानते हैं उनका बॉलीवुड में आना कैसे हुआ।

ख्वाहिश

बचपन से ही एक्टर बनने का सपना देखते थे सिद्धांत

सिद्धांत बचपन से ही एक्टर बनन चाहते थे। जब वह सीए की पढ़ाई कर रहे थे तो उन्होंने अपने पिता से कहा कि वह एक्टिंग में अपना हाथ आजमाना चाहते हैं। उन्होंने पढ़ाई और इंटर्नशिप छोड़कर ऑडिशन देना शुरू किया। देखते ही देखते 5 साल बीत गए। सिद्धांत को फिल्में तो नहीं मिलीं, लेकिन वेब सीरीज 'इनसाइड एज' में काम करने का मौका जरूर मिल गया। इसमें उनके काम की सराहना तो हुई, लेकिन उन्हें कुछ खास लोकप्रियता नहीं मिली।

पहला मौका

जोया को कहां टकरे सिद्धांत?

'इनसाइड एज' की सक्सेज पार्टी के दौरान सिद्धांत अपने कजिन की शादी में कोलकाता गए थे। जब पार्टी के लिए फोन आया तो उन्होंने मना कर दिया था, लेकिन सिद्धांत के पिता ने कहा कि उन्हें वहां जाना चाहिए। ऐसी पार्टियों में ही लोग मिलते हैं। सिद्धांत के पिता ने तुरंत उनका टिकट करवा दिया। वह शादी के कपड़ो में ही पार्टी में शामिल हो गए और वहां जमकर डांस किया। इस दौरान जोया की नजर सिद्धांत पर पड़ी।

शुरुआत

यूं मिला बॉलीवुड में ब्रेक

सिद्धांत ने एक इंटरव्यू में खुद यह खुलासा किया था। उन्होंने बताया, "जोया ने पार्टी में मुझे अपने पास बुलाया और मुझसे पूछने लगीं कि मैं कौन हूं। मैंने अपना परिचय दिया। उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या मैंने 'गली बॉय' के लिए ऑडिशन दिया। मेरा जवाब नहीं था।" इसके बाद जोया ने सिद्धांत को फिल्म के लिए ऑडिशन देने को कहा। उन्होंने ऑडिशन दिया और उन्हें फिल्म के लिए चुना गया। इस तरह से सिद्धांत को बॉलीवुड में ब्रेक मिला।

पसंद

'एमसी शेर' बनकर जीता सबका दिल

'गली बॉय' 2019 में आई थी। इसमें रणवीर सिंह, आलिया भट्ट और सिद्धांत थे। रणवीर और आलिया ने बेशक बढ़िया काम किया, लेकिन सिद्धांत ने अपनी पहली फिल्म के हिसाब से बड़ी शानदार परफॉर्मेंस दी। एमसी शेर के किरदार को उन्होंने ऐसे निभाया कि दर्शकों से लेकर समीक्षकों तक का दिल जीत लिया। सिद्धांत ने एक रैपर का स्टाइल बारीकी से पकड़ा। इसके लिए उन्होंने स्क्रीन अवॉर्ड से लेकर फिल्मफेयर अवॉर्ड और जी सिने अवॉर्ड तक अपने नाम किया।

जानकारी

सिद्धांत की आने वाली फिल्में

सिद्धांत जल्द ही फिल्म 'युधरा' में नजर आएंगे। इसमें उनके साथ अभिनेत्री मालविका मोहनन और राम कपूर जैसे कलाकार नजर आएंगे। इसके बाद उन्हें फिल्म 'खो गए हम कहां' में देखा जाएगा। इसमें अनन्या पांडे और आदर्श गौरव भी अपनी खास मौजूदगी दर्ज कराएंगे।