सलमान खान की भांजी अलीजेह अग्निहोत्री की दूसरी फिल्म तैयार, सिद्धांत चतुर्वेदी होंगे जोड़ीदार
क्या है खबर?
'क्वीन' और 'सुपर 30' जैसी बेहतरीन फिल्मों का निर्देशन करने वाले निर्देशक विकास बहल ने अपनी अगली म्यूजिकल फिल्म के लिए सिद्धांत चतुर्वेदी और सलमान खान की भांजी अलीजेह अग्निहोत्री को साइन किया है। बॉलीवुड की ये नई जोड़ी एक शानदार संगीतमय सफर पर निकलने के लिए तैयार है। अलीजेह की 'फर्रे' में तारीफों के बाद सिद्धांत के साथ उनकी ये केमिस्ट्री दर्शकों के लिए काफी रोमांचक होने वाली है।
कहानी
90 के दशक का डांस क्लब और संगीत की दुनिया का सफर
वैराइटी के मुताबिक, फिल्म की कहानी इंग्लैंड में रहने वाले उन पंजाबी युवाओं पर आधारित है, जो अपनी मिट्टी (पंजाब) से भी जुड़े थे और वहां की संस्कृति में भी ढल रहे थे। इसमें आपको 90 के दशक का लुक, डांस क्लबों का माहौल और पंजाबी संगीत के दुनियाभर में मशहूर होने के पीछे के संघर्ष व जुनून को देखने को मिलेगा। फिल्म में दिखाया जाएगा कि कैसे लंदन की गलियों में पंजाब की आवाज गूंजी और इतिहास रचा गया।
किरदार
सिद्धांत ढोल वाले और अलीजेह बनेंगी गायिका
सिद्धांत इस फिल्म में एक ढोल बजाने वाले की भूमिका में नजर आएंगे, वहीं अलीजेह एक गायिका की भूमिका निभाएंगी। निर्देशक विकास बहल ने इस फिल्म को एक म्यूजिकल लव स्टोरी के रूप में बुना है। इसमें प्यार के साथ-साथ सपनों को पूरा करने की जिद और अपनी पहचान बनाने के संघर्ष को दिखाया जाएगा। फिल्म की स्क्रिप्ट पूरी हो चुकी है। तैयारियां जल्द शुरू होंगी और फिल्म की शूटिंग 2026 के दूसरे हिस्से में शुरू करने की योजना है।
सहयोग
विकास बहल के साथ सिद्धांत की दूसरी फिल्म
सिद्धांत और निर्देशक विकास बहल की ये साथ में दूसरी फिल्म होगी। इससे पहले उन्होंने एक रोमांटिक कॉमेडी 'दिल का दरवाजा खोल ना डार्लिंग' में साथ काम किया है, जो इसी साल (2026) जुलाई से सितंबर के बीच रिलीज हो सकती है। सिद्धांत की फिल्म 'दो दीवाने शहर में' कुछ ही दिन पहले सिनेमाघरों में आई है। इस अपनी नई म्यूजिकल फिल्म् की शूटिंग शुरू करने से पहले सिद्धांत महान फिल्म निर्माता वी शांताराम की बायोपिक की शूटिंग पूरी करेंगे।
दूसरी फिल्म
दमदार शुरुआत के बाद अलीजेह नए धमाके के लिए तैयार
अलीजेह ने साल 2023 में फिल्म 'फर्रे' से बॉलीवुड में अपनी शानदार शुरुआत की थी। फिल्म थाई ब्लॉकबस्टर 'बैड जीनियस' का रीमेक थी, जिसमें अलीजेह की एक्टिंग की जमकर तारीफ हुई थी। समीक्षकों और दर्शकों ने उनके सधे हुए अभिनय को काफी सराहा था। अब वो विकास बहल की अगली म्यूजिकल फिल्म में नजर आएंगी, जो उनके करियर की दूसरी फिल्म होगी। ये खबर सुनकर अलीजेह के प्रशंसक उत्साहित हो उठेंगे, जिन्हें उनकी अगली फिल्म का बेसब्री से इंतजार था।