'एनिमल' के बाद रणबीर कपूर को राम मानना मुश्किल? रामानंद सागर के पोते का बयान मचा रहा बवाल
रामानंद सागर, जिन्होंने 'राम कथा' का निर्माण किया था, उनके पोते शिव सागर ने नितेश तिवारी की आने वाली फिल्म 'रामायण' में रणबीर कपूर को राम के रूप में चुने जाने पर अपनी निराशा जाहिर की है।
उनका कहना है कि फिल्म 'एनिमल' में रणबीर को देखने के बाद उनके लिए उन्हें राम के किरदार में स्वीकार करना मुश्किल हो रहा है।
शिव ने साफ तौर पर कहा, "निजी तौर पर मैं रणबीर को राम के रूप में स्वीकार नहीं कर सकता, क्योंकि 'एनिमल' देखने के बाद मेरे लिए उन्हें राम के तौर पर देखना नामुमकिन है।"
शिव ने रणबीर के बारे में कही ये बात
शिव ने यह भी साफ किया कि वह रणबीर के अभिनय का सम्मान करते हैं, लेकिन उनका मानना है कि राम के इस पवित्र किरदार के लिए एक बिल्कुल ताजा चेहरा ज्यादा बेहतर होता।
ऐसा अभिनेता जिसके साथ किसी पिछली भूमिका या विवाद का कोई ठप्पा न लगा हो। हालांकि, उन्होंने यश और साईं पल्लवी की तारीफ भी की है।
फिल्म में रावण और सीता का किरदार निभा रहे इन दोनों कलाकारों की कास्टिंग को शिव ने बेहद मजबूत बताया है। इस फिल्म में रवि दुबे, सनी देओल, लारा दत्ता और रकुल प्रीत सिंह जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखेंगे।
नितेश तिवारी की 'रामायण' 2 हिस्सों में रिलीज की जाएगी। इसका पहला पार्ट 6 नवंबर को दुनिया भर में प्रीमियर होगा, जबकि भारत में यह 8 नवंबर को दिवाली के खास मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा।
वहीं, दूसरे पार्ट को 2027 की दिवाली पर रिलीज करने की योजना है।