'मालामाल वीकली 2' की टोली में शामिल हुईं शिल्पा शिरोडकर, बॉलीवुड में करेंगी वापसी
क्या है खबर?
परेश रावल अभिनीत फिल्म 'मालामाल वीकली' के सीक्वल पर जोर-शोर से काम चल रहा है। प्रियदर्शन द्वारा निर्देशित ये फिल्म साल 2006 में रिलीज हुई थी और अब इसका सीक्वल लोगों का मनोरंजन करने आ रहा है, जिसके निर्देशन की जिम्मेदारी अमित जोशी को मिली है। हालिया अपडेट है कि 90 के दशक की लोकप्रिय अभिनेत्री शिल्पा शिरोडकर इसका हिस्सा बन गई हैं। 'मालामाल वीकली 2' के जरिए शिल्पा 26 साल बाद बॉलीवुड में वापसी करने जा रही हैं।
खुशी
शिल्पा ने 'मालामाल वीकली 2' से जुड़ने में दिखाई दिलचस्पी
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, शिल्पा ने 'मालामाल वीकली 2' का प्रस्ताव मिलते ही तुरंत हामी भर दी।
एक सूत्र ने कहा, "शिल्पा को अपना किरदार और पूरी स्क्रिप्ट बहुत पसंद आई। फिल्म निर्माता उन्हें फिल्म में लेना चाहते थे। हालांकि, उन्होंने काफी समय से कोई फिल्म साइन नहीं की है, लेकिन उन्हें नियमित अंतराल पर प्रस्ताव मिलते रहते हैं, इसलिए जब शिल्पा ने फिल्म का हिस्सा बनने में दिलचस्पी दिखाई तो 'मलामाल वीकली 2' के निर्माता बेहद खुश हो गए।"
वापसी
बॉलीवुड में वापसी करने के लिए तैयार शिल्पा
शिल्पा को आखिरी बार दिवंगत एमएफ हुसैन की हिंदी फिल्म 'गज गामिनी' (2000) में देखा गया था। उन्हें दोबारा से बॉलीवुड में वापसी करते हुए देखने के लिए फैंस भी बेहद उत्साहित हो रहे हैं।
खबरों के अनुसार, रवीना टंडन और परिणीति चोपड़ा भी 'मालामाल वीकली 2' की कस्ती में पहले से हैं। रितेश देशमुख और राजपाल यादव भी परियोजना में वापसी कर सकते हैं।
हालांकि, निर्माताओं ने स्पष्ट किया है कि दूसरी कड़ी के किरदार और पृष्ठभूमि अलग होगी।