शिल्पा शेट्टी के व्यक्तित्व अधिकारों की रक्षा मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट ने सुनाया ये फैसला
क्या है खबर?
शिल्पा शेट्टी ने नवंबर, 2025 में अपने व्यक्तित्व अधिकारों की रक्षा के लिए बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। कोर्ट ने सुनवाई करते हुए उन AI उपकरणों की वैधता पर सवाल उठाया था जो संबंधित व्यक्तियों की सहमति के बिना उनके व्यक्तित्व का अनुचित उपयोग करते हैं। इसके अलावा, उन प्लेटफार्मों पर चिंता जताई गई थी, जिनपर अभिनेताओं के AI-जनित संस्करण मौजूद हैं। इसी क्रम में, कोर्ट ने शिल्पा को उनके व्यक्तित्व अधिकारों के दुरुपयोग से सुरक्षा दी है।
निर्देश
कोर्ट ने शिल्पा शेट्टी के नाम का दुरुपयोग न करने का निर्देश दिया
कोर्ट ने अपने आदेश में, शिल्पा के नाम, छवि, आवाज, रूप या व्यक्तित्व का किसी प्रकार से अनुचित उपयोग करने के खिलाफ सुरक्षा प्रदान करने का निर्देश दिया है। साथ ही, विभिन्न प्लेटफार्मों पर प्रसारित हो रही मानहानिकारक और उल्लंघनकारी सामग्री को तुरंत हटाने के लिए कहा है। कोर्ट ने इस बात पर जोर दिया कि किसी सार्वजनिक हस्ती की पहचान और प्रतिष्ठा का व्यावसायिक शोषण या डिजिटल दुरुपयोग उसकी बिना सहमति के नहीं किया जा सकता है।
पुष्टि
"इंटरनेट डीपफेक और डिजिटल प्रतिरूपण का अड्डा नहीं बन सकता"
शिल्पा की वकील सना रईस खान ने पुष्टि करते हुए बयान में कहा, "कोर्ट ने शिल्पा शेट्टी के व्यक्तित्व अधिकारों के मामले में स्पष्ट किया है कि इंटरनेट डीपफेक और डिजिटल प्रतिरूपण का अड्डा नहीं बन सकता। कोर्ट ने उनके व्यक्तित्व अधिकारों की रक्षा की है।" इस तरह शिल्पा उन फिल्मी सितारों की सूची में शामिल हो गई हैं जिन्हें उनके व्यक्तित्व अधिकारों की रक्षा मिली है। इनमें ऐश्वर्या राय, अभिषेक बच्चन, सलमान खान और काजोल जैसे सितारे शामिल हैं।