श्रीदेवी के निधन के बाद जाह्नवी कपूर का सहारा बने शिखर पहाड़िया, छोड़ दी थी पढ़ाई
क्या है खबर?
करण जोहर के टॉक-शो 'कॉफी विद करण' के नए एपिसोड में बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर ने शिखर पहाड़िया के साथ उनके रिश्ते के बारे में खुलकर बात की। अभिनेत्री ने खुलासा किया कि 2018 में उनकी मां और दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी के निधन के बाद शिखर उनका सहारा बने थे। उस समय दोनों रिलेशनशिप में नहीं थे, लेकिन फिर भी शिखर जान्हवी की जिंदगी के सबसे मुश्किल वक्त में उनकी ढाल बनकर उनके साथ खड़े रहे थे।
जाह्नवी
लंदन में पढ़ाई छोड़ मुंबई आ गए थे शिखर
आने वाले एपिसोड में जाह्नवी ने बताया, "मुझे लगता है कि शिखर लंदन में पढ़ाई कर रहे थे और उन्होंने लगभग आधे सेमेस्टर की छुट्टी ले ली थी। वह मुंबई आए और तब अपने पिता के साथ शहर में रहते थे। मुझे बहुत बाद में पता चला कि वह एक महीने के लिए जुहू में अपने एक दोस्त के घर चले गए थे। ऐसा नहीं है कि मैं उनसे रोज मिलती थी।
श्रीदेवी
मां के जाने से टूट गई थीं जाह्नवी
जाह्नवी ने बताया कि उन्हें बाद में पता चला कि शिखर सोचते थे, "अगर जाह्नवी को मेरी जरूरत पड़े तो मैं बस आस-पास रहना चाहता हूं।"
फरवरी 2018 में, दुबई में एक बाथटब में गलती से डूबने की वजह से श्रीदेवी का निधन हो गया था। उनके जाने से उनकी बेटियों, जाह्नवी और खुशी कपूर को गहरा सदमा लगा था।
उस वक्त जाह्नवी की छोटी बहन खुशी ने उन्हें संभाला था।