शरद कपूर का आरोप, मदद के नाम पर उनकी हालत का हो रहा गलत इस्तेमाल
क्या है खबर?
शरद कपूर ने रील्स बनाने के लिए उनकी हालत का गलत इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ आवाज उठाई है। अभिनेता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि कुछ लोग उनके पास पैसे लेकर आए थे, उनके साथ हुई बातचीत को फिल्माया, और बाद में पैसे वापस ले गए। इन मुलाकातों से परेशान होकर उन्होंने किसी ने अब न मिलने की बात कही। शरद की दोस्त हेमा चौधरी ने भी ऐसे लोगों की फटकार लगाई है।
बयान
मदद के नाम पर भद्दा मजाक कर रहे लोग
शरद ने कहा, "मैं सिनेमा जगत, अपने फैंस और उन लोगों का शुक्रगुजार हूं जो सच में मेरी परवाह करते हैं। आप लोगों ने इतना प्यार दिया है आप सोच भी नहीं सकते। लेकिन सोशल मीडिया पर बहुत सारी गलत चीजें दिखाई जा रही हैं... हाथ में पैसे दिए... पता ही नहीं चल रहा है कौन क्या कर रहा है।"
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लाेगों ने उनकी मंजूरी के बिना पैसे देकर वीडियो बनाया, फिर पैसे वापस ले लिए।
अपील
डोनेशन रील न बनाने की अपील की
शरद की दोस्त हेमा ने कहा कि उनका मकसद अभिनेता की मदद, खासकर मेडिकल सपोर्ट दिलाने का था, न कि उन्हें बेवजह किसी की नजर में लाना।
उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा, "आप शरद के बुरे हाल का तमाशा कर रहे हो। वो ट्रॉमा में है, वो स्टेबल नहीं है। आप आकर जबरदस्ती उनकी बाइट ले रहे हो। उसे परेशान मत करो, हैरेस मत करो।"
उन्होंने लोगों से अपील की कि वह शरद के नाम पर डोनेशन रील न बनाएं।