शक्ति कपूर मौत की झूठी खबरों पर गुस्साए, अब अफवाहबाजों को जेल भेजकर ही लेंगे दम
क्या है खबर?
दिग्गज अभिनेता शक्ति कपूर अपनी मौत की झूठी खबरों को लेकर आगबबूला हो गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इन अफवाहों पर कड़ा रुख अपनाते हुए अभिनेता ने साफ कर दिया है कि अब पानी सिर से ऊपर जा चुका है। शक्ति ने न केवल इन खबरों का खंडन किया, बल्कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी मोर्चा खोलते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया है।
संदेश
"जिंदा हूं और पूरी तरह स्वस्थ हूं"
शक्ति ने अपनी मौत की वायरल हो रही अफवाहों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक वीडियो जारी कर न केवल इन अफवाहों का खंडन किया, बल्कि इन्हें अशुभ बताते हुए कहा कि वो पूरी तरह स्वस्थ और खुश हैं। शक्ति ने सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के जानकारी साझा करने वालों को कड़ी फटकार लगाई है और साफ कर दिया है कि वो इस घिनौने मजाक के पीछे के लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करा रहे हैं।
दो टूक
मौत जैसी गंभीर बात का मजाक ठीक नहीं- शक्ति कपूर
वीडियो में दर्शकों को संबोधित करते हुए शक्ति सख्त नजर आए। उन्होंने इन फर्जी खबरों को पूरी तरह खारिज किया और लोगों से इन्हें नजरअंदाज करने की अपील की। अभिनेता ने इंटरनेट पर गलत सूचनाओं के तेजी से फैलने पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मृत्यु जैसी गंभीर बातों पर ऐसी लापरवाही बेहद दुखद है। उन्होंने लोगों से कहा कि बिना जांचे-परखे ऐसी खबरें शेयर न करें, क्योंकि इससे परिवारों को मानसिक परेशानी हो सकती है।
कार्रवाई
अभिनेता दोषियों के खिलाफ दर्ज कराएंगे FIR
अभिनेता बोले, "मेरी मौत की खबरें पूरी तरह फर्जी हैं। मैं पूरी तरह स्वस्थ और खुश हूं। कृपया इन अफवाहों को नजरअंदाज करें। मैं इसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने जा रहा हूं, क्योंकि ये बहुत गलत है।" उन्होंने जनता से सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी से व्यवहार करने की अपील की। शक्ति ने चेतावनी दी कि बिना सच्चाई जाने जानकारी को आगे न बढ़ाएं, क्योंकि ऐसी अफवाहें तेजी से फैलती हैं और समाज में बेवजह डर और भ्रम पैदा करती हैं।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए वीडियो
#ShaktiKapoor STRONGLY Reacts To Death Rumours, threatens
— Always Bollywood (@AlwaysBollywood) May 8, 2026
"I Will Do Cyber Complaint " 🚨 pic.twitter.com/UQzgShbLUB
नाराजगी
अफवाहबाजों पर टूटा जनता का गुस्सा
शक्ति कपूर का वीडियो संदेश सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने कमेंट सेक्शन में अपनी राय साझा करते हुए उन लोगों की कड़ी निंदा की, जो अभिनेता की मौत की झूठी खबरें फैला रहे थे। प्रशंसकों ने इस तरह की अफवाहों को बेहद शर्मनाक बताया और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की। ज्यादातर प्रशंसकों ने अभिनेता के हमेशा स्वस्थ और खुश रहने की दुआ की और अफवाहबाजों के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया।
लोकप्रियता
दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले शक्ति कपूर का सफर
चार दशकों से अधिक के करियर में लगभग 700 फिल्मों में काम कर चुके शक्ति कपूर बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता हैं, जिन्हें 'राजा बाबू' और 'अंदाज अपना अपना' जैसी फिल्मों में उनके खलनायक और कॉमिक किरदारों के लिए जाना जाता है। उनके बेटे सिद्धांत कपूर अब एक DJ हैं, जबकि उनकी बेटी श्रद्धा कपूर बॉलीवुड की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शुमार हैं। श्रद्धा को पिछली बार साल 2024 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'स्त्री 2' में देखा गया था।