शकीरा का भारत दौरा टला, भड़के फैंस ने पूछा होटल और फ्लाइट का पैसा कौन देगा?
क्या है खबर?
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते अंतरराष्ट्रीय तनाव का असर अब सीधे मनोरंजन की दुनिया पर पड़ा है। आयोजकों ने शकीरा के भारत दौरे को लेकर एक ऐसा बड़ा फैसला लिया है, जिससे हजारों भारतीय फैंस का दिल टूट गया है और कुछ भड़क उठै हैं। सुरक्षा कारणों को देखते हुए इस बहुप्रतीक्षित दौरे को टाल दिया गया है। क्या अब भारत में गूंजेगा शकीरा का 'वाका-वाका' और टिकट के पैसों का क्या होगा, आइए जानते हैं पूरी खबर।
ऐलान
शकीरा का 'फीडिंग इंडिया' शो अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
शकीरा के भारतीय प्रशंसकों के लिए ये हफ्ता निराशा भरी खबर लेकर आया है। भारत में होने वाले उनके बहुप्रतीक्षित फीडिंग इंडिया कॉन्सर्ट को टाल दिया गया है। इवेंट आयोजक 'डिस्ट्रिक्ट' ने इंस्टाग्राम पर इस कार्यक्रम को अनिश्चितकाल के लिए टालने का ऐलान किया है। नोट में साफ किया है कि उनके लिए फैंस और कलाकार की जान से बढ़कर कुछ भी नहीं है। आयोजकों ने टिकटों के रिफंड की प्रक्रिया का भी पूरा ब्यौरा साझा किया है।
रिफंड
टिकट राशि होगी वापस, नई डेट पर काम जारी
पोस्ट में आगे लिखा है, 'सभी टिकट धारकों को पूरा रिफंड वापस मिलेगा, जो आपके भुगतान के मूल माध्यम में 5-6 दिन के अंदर भेज दिया जाएगा। हम टीम के साथ मिलकर नई तारीख खोजने पर काम कर रहे हैं और जैसे ही कोई जानकारी मिलेगी, हम उसे साझा करेंगे। 'फीडिंग इंडिया कॉन्सर्ट' हमेशा से एक बड़े उद्देश्य के लिए खड़ा रहा है और हमारी वो प्रतिबद्धता आज भी वैसी ही है। आपकी समझ और धैर्य के लिए धन्यवाद।"
नाराजगी
फूटा फैंस का गुस्सा
शकीरा का कॉन्सर्ट टलने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस का गुस्सा फूट पड़ा है। दूर-दराज से आने वाले फैंस के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी हो गई है। वो पूछ रहे हैं कि आखिर फ्लाइट और होटल बुकिंग का क्या होगा? इस नुकसान की भरपाई क्या आयोजक करेंगे? एक ने लिखा, आखिरी वक्त पर आप इसे 'तनाव' का नाम देकर पल्ला झाड़ रहे हैं? क्या हालात रातों-रात बदल गए? हमें सिर्फ टिकट नहीं, बल्कि हमारे पूरे नुकसान का मुआवजा चाहिए।
दौरा
पहली बार भारत कब आई थीं शकीरा?
जोमैटो के 'डिस्ट्रिक्ट' और 'फीडिंग इंडिया' के साथ शकीरा का जो मेगा कॉन्सर्ट मुंबई और दिल्ली की रौनक बढ़ाने वाला था, उस पर अब ग्रहण लग गया है। साल 2007 के बाद पहली बार शकीरा भारतीय सरजमीं पर कदम रखने वाली थीं, लेकिन फिलहाल भारतीय फैंस को और इंतजार करना होगा। शकीरा अपने इस कॉन्सर्ट को लेकर बेहद उत्साहित थीं। इसका ऐलान कर उन्होंने कहा था कि ये सिर्फ एक शो नहीं, बल्कि जज्बात है।