शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना की फिर बनेगी जोड़ी, ये निर्देशक लगाएगा दांव
क्या है खबर?
शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना आगामी फिल्म 'कॉकटेल 2' से चर्चा में है, जिसकी शूटिंग हाल ही में पूरी हुई। कृति सैनन भी फिल्म का हिस्सा हैं, और इस तिकड़ी को देखने के लिए फैंस काफी उत्साहित हैं। इस बीच, हालिया जानकारी में बताया गया है कि शाहिद और रश्मिका एक अन्य फिल्म के लिए साथ आ रहे हैं। दोनों से जब बिना शीर्षक वाली आगामी फिल्म के लिए बातचीत की गई तो उन्होंने तुरंत हामी भर दी।
फिल्म
'बधाई हो' निर्देशक ने संभाली जिम्मेदारी
वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, शाहिद और रश्मिका 'बधाई हो' और 'मैदान' के निर्देशक अमित रविंद्रनाथ शर्मा की अगली फिल्म में साथ नजर आएंगे। यह अनाम फिल्म रोमांस और कॉमेडी का एक नया मिश्रण पेश करने का वादा करती है, जिसका निर्माण सुनीर खेत्रपाल, वर्मिलियन वर्ल्ड बैनर के तहत जियो स्टूडियोज के सहयोग से किया जाएगा। सुनीर इससे पहले जॉन अब्राहम अभिनीत 'रॉकी हैंडसम', वरुण धवन की 'बदला' और 'फर्रे' जैसी फिल्मों का निर्माण कर चुके हैं।
शूटिंग
इसी साल से निर्माता शुरू करेंगे फिल्म की शूटिंग
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि शाहिद और रश्मिका इस रोमांटिक फिल्म की शूटिंग इसी साल अगस्त या सितंबर महीने से शुरू कर देंगे। फिलहाल अभिनेता अपनी आगामी फिल्म 'ओ रोमियो' के प्रचार में व्यस्त हैं जो 13 फरवरी को रिलीज हो रही है। इसके अलावा, अभिनेता ने अपनी वेब सीरीज 'फर्जी' के दूसरे सीजन को लेकर भी संकेत दे दिया है। राज और डीके द्वारा निर्मित इस सीरीज में उन्हें दोबारा सनी के किरदार में देखा जाएगा।