LOADING...
शाहिद कपूर और वरुण धवन पहली बार साथ, 'नो एंट्री 2' में सलमान-आमिर वाला अंदाज
शाहिद कपूर की 'नो एंट्री 2' में एंट्री

शाहिद कपूर और वरुण धवन पहली बार साथ, 'नो एंट्री 2' में सलमान-आमिर वाला अंदाज

May 13, 2026
04:47 pm

क्या है खबर?

निर्देशक अनीस बज्मी की सुपरहिट कॉमेडी फिल्म 'नो एंट्री' के सीक्वल 'नो एंट्री 2' को लेकर बॉलीवुड गलियारों में हलचल तेज हो गई है। ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फिल्म में शाहिद कपूर और वरुण धवन की जोड़ी पहली बार पर्दे पर एक साथ धमाका करने के लिए तैयार है। अनीस बज्मी इन दोनों सितारों को फिल्म में शामिल करने के लिए बातचीत कर रहे हैं। दर्शकों को सीक्वल में हंसी और मनोरंजन का जबरदस्त डबल डोज मिलने वाला है।

बातचीत

शाहिद और अनीस के बीच जमी बात

हिंदी सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित अभिनेताओं में से एक शाहिद कपूर इन दिनों अपनी फिल्म 'कॉकटेल 2' की रिलीज की तैयारी में जुटे हैं। अपनी बेहतरीन अदाकारी के लिए मशहूर शाहिद, पहले निर्देशक अनीस बज्मी के साथ एक कॉमेडी फिल्म 'राम और श्याम' के लिए चर्चा में थे। हालांकि, कुछ अज्ञात कारणों से यह फिल्म धरातल पर नहीं उतर सकी। बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, शाहिद और अनीस बज्मी की जोड़ी आखिरकार पहली बार एक साथ आने के लिए तैयार है।

पसंद

शाहिद को पसंद आई 'नो एंट्री 2' की कहानी

सूत्रों के मुताबिक, अनीस अपनी 2005 की कॉमेडी फिल्म 'नो एंट्री' के सीक्वल के लिए शाहिद से बातचीत कर रहे हैं। हालांकि, इससे पहले उनके बीच 'राम और श्याम' पर बात नहीं बन पाई थी, लेकिन अब 'नो एंट्री 2' के जरिए दोनों के साथ आने की पूरी संभावना है। सूत्रों से पता चला है कि शाहिद को फिल्म की कहानी का शुरुआती अंदाज पसंद आया है। अब वो बहुत जल्द निर्देशक से फिल्म की पूरी कहानी विस्तार से सुनेंगे।

Advertisement

जोड़ी

शाहिद-वरुण की जोड़ी में दिखेगी सलमान-आमिर वाली झलक

सूत्रों का कहना है कि अगर बात बन जाती है तो ये पिछले दो दशकों के 2 सबसे प्रतिभाशाली अभिनेताओं शाहिद कपूर और वरुण धवन का पहला बड़ा सहयोग होगा। फिल्म में इन दोनों की केमिस्ट्री वैसी ही मजेदार होगी जैसी 'अंदाज अपना अपना' में सलमान खान और आमिर खान की थी। निर्माता बोनी कपूर इस बार 'नो एंट्री 2' के जरिए वरुण और शाहिद को साथ लाकर फिल्म का स्तर काफी ऊपर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं।

Advertisement

शूटिंग

कब शुरू होगी फिल्म की शूटिंग?

'नो एंट्री 2' की शूटिंग 2026 के अंत में शुरू हो जाएगी। निर्माताओं ने इस फिल्म के लिए लगातार शूटिंग करने का एक शेड्यूल तैयार किया है ताकि फिल्म को एक ही बार में पूरा किया जा सके। शाहिद फिल्म 'कॉकटेल 2' को लेकर भी चर्चा में हैं, जिसमें उनके साथ कृति सैनन और रश्मिका मंदाना नजर आएंगी। दूसरी तरफ 'बधाई हो' वाले निर्देशक अमित शर्मा की अगली फिल्म में उन्हें जाह्नवी कपूर और कियारा आडवाणी के साथ देखा जाएगा।

Advertisement