Page Loader
शाहिद कपूर की 'देवा' से विक्की कौशल की 'छावा' तक, फरवरी में रिलीज होंगी ये फिल्में
फरवरी में रिलीज होने वाली हैं ये फिल्में (तस्वीर: एक्स/@CreaterBolywood)

शाहिद कपूर की 'देवा' से विक्की कौशल की 'छावा' तक, फरवरी में रिलीज होंगी ये फिल्में

Jan 25, 2025
11:13 am

क्या है खबर?

जनवरी, 2025 में राम चरण की 'गेम चेंजर' से लेकर कंगना रनौत की 'इमरजेंसी' और अक्षय कुमार की 'स्काई फोर्स' तक कई फिल्में दर्शकों के बीच आईं। हालांकि, किसी भी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपना कमाल नहीं दिखाया। बहरहाल, फरवरी का दर्शकों को इंतजार है और उम्मीद जताई जा रही है कि फरवरी में बॉक्स ऑफिस पर कोई धमाका हो जाए। आइए जानें अगले महीने दर्शकों को किन-किन फिल्मों की सौगात मिलने वाली है।

#1

'देवा'

शाहिद कपूर के स्टाइल, ड्रामा और एक्शन से भरपूर देवा का ट्रेलर दर्शकों को बेहद पसंद आया था। इसमें बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की धरोहर को दिखाया गया है। शाहिद इस फिल्म में उस पुरानी आभा को अपने आधुनिक अंदाज में पर्दे पर दिखाने वाले हैं, जो फिल्म को एक अलग ही स्तर पर लेकर जाएगा। 'देवा' 31 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इस' एक्शन थ्रिलर में शाहिद के साथ पूजा हेगड़े नजर आएंगी।

#2

'लवयापा'

आमिर खान के बेटे जुनैद खान फिल्म 'लवयापा' से बड़े पर्दे पर कदम रख रहे हैं। इसमें उनके साथ दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी और निर्माता बोनी कपूर की बेटी खुशी कपूर भी नजर आएंगी। यह एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म है, जिसमें प्यार और ड्रामा देखने को मिलेगा। जुनैद ने फिल्म में अपने किरदार की बारीकियों को समझने के लिए 3 महीने तक दिल्ली में रहकर तैयारी की थी। यह फिल्म 7 फरवरी को सिनेमाघरों का रुख करेगी।

#3

'छावा'

विक्की कौशल फिल्म 'छावा' लेकर आ रहे हैं। इसमें उनकी जोड़ी साउथ की जानी-मानी अभिनेत्री रश्मिका मंदाना के साथ बनी है और यह पहला मौका होगा, जब ये दोनों कलाकार पर्दे पर साथ दिखाई देंगे। 'छावा' में विक्की महान मराठा शासक छत्रपति शिवाजी महाराज के बेटे छत्रपति संभाजी महाराज का किरदार निभा रहे हैं, वहीं रश्मिका फिल्म में छत्रपती संभाजी महाराज की पत्नी महारानी येशूबाई की भूमिका में नजर आएंगी। यह फिल्म इस साल 14 फरवरी को सिनेमाघरों में आएगी।

#4 और #5

'बैडएस रवि कुमार' और 'मेरे हस्बैंड की बीवी'

जाने-माने गायक, संगीतकार और अभिनेता हिमेश रेशमिया अपनी फिल्म 'बैडएस रवि कुमार' को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। इस फिल्म में कोरियोग्राफर और अभिनेता प्रभु देवा भी हैं। यह फिल्म 7 फरवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। उधर रामोंटिक कॉमेडी ड्रामा फिल्म 'मेरे हस्बैंड की बीवी' का निर्देशन मुदस्सर अजीज ने किया है। फिल्म में अर्जुन कपूर, भूमि पेडनेकर और रकुल प्रीत सिंह लीड रोल में हैं। यह फिल्म 21 फरवरी को रिलीज हो रही है।