शाहरुख खान ने किया म्यूजिक फेस्टिवल 'यूनिफाइड' का ऐलान, अरिजीत सिंह समेत जुटेंगे कई मशहूर कलाकार
शाहरुख खान अबू धाबी में 20 मार्च, 2027 को नए म्यूजिक फेस्टिवल 'यूनिफाइड' (UNIFYD) की शुरुआत करने जा रहे हैं। ये कार्यक्रम यास आइलैंड के एतिहाद लाइव में होगा। इसमें अरिजीत सिंह, करण औजला और सोनू निगम समेत 15 से ज्यादा कलाकार अलग-अलग स्टेज पर प्रस्तुति देंगे। शाहरुख इस फेस्टिवल के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करेंगे। इसका मकसद भारतीय संगीत और संस्कृति को बढ़ावा देना और दुनियाभर के लोगों तक पहुंचाना है।
जानिए कैसे मिलेगी एंट्री
फेस्टिवल के टिकट डिस्ट्रिक्ट ऐप पर उपलब्ध होंगे। एमिरेट्स NBD बैंक के कार्ड इस्तेमाल करने वाले लोग 19 अक्टूबर, 2026 को सुबह साढ़े 9 बजे से टिकट खरीद सकेंगे, वहीं आम लोगों के लिए टिकटों की बिक्री 20 अक्टूबर को सुबह साढ़े 10 से शुरू होगी।
शाहरुख ने कहा कि 'यूनिफाइड' का मकसद भारत के बेहतरीन कलाकारों को पहली बार एक मंच पर लाना है। इस फेस्टिवल का आयोजन डियावोल लाइव और डिस्ट्रिक्ट मिलकर कर रहे हैं। शाहरुख के मुताबिक, ये कार्यक्रम दुनियाभर में भारतीय संगीत की पहुंच और उसकी लोकप्रियता को दिखाएगा।