Page Loader
शाहरुख खान ने बेटी सुहाना के लिए लिया था फिल्मों से लंबा ब्रेक, बताई वजह
बेटी के साथ रहने के लिए शाहरुख ने लिया था ब्रेक

शाहरुख खान ने बेटी सुहाना के लिए लिया था फिल्मों से लंबा ब्रेक, बताई वजह

Dec 02, 2022
08:16 pm

क्या है खबर?

शाहरुख खान की आने वाली फिल्म 'पठान' चर्चा में है। इसके पहले वह साल 2018 में फिल्म 'जीरो' में नजर आए थे। इस ब्रेक के दौरान उनके प्रशंसक उनकी फिल्मों का बेसब्री से इंतजार करते रहे। अब एक बातचीत में शाहरुख ने यह ब्रेक लेने की वजह का खुलासा किया है। शाहरुख ने बताया कि उनके बच्चे विदेश में पढ़ रहे थे, ऐसे में वह उनके लिए हमेशा उपलब्ध रहना चाहते थे।

वजह

सुहाना के साथ रहने के लिए लिया था ब्रेक

द डेडलाइन की रिपोर्ट के अनुसार, शाहरुख ने कहा कि उन्होंने 6-7 महीनों तक कोई फिल्म साइन नहीं की थी, क्योंकि उन्हें लगता था कि उनकी बेटी उन्हें अपने पास आने के लिए कहेंगी। शाहरुख की बेटी सुहाना खान अभिनय सीखने के लिए न्यूयॉर्क गई थीं। शाहरुख ने खुद को काम से खाली रखा ताकि वह कभी भी वहां जा सकें। हालांकि, सुहाना ने उनसे कहा कि उन्हें वहां अच्छा लग रहा है और उन्हें आने की जरूरत नहीं है।

मुश्किल

आर्यन खान की गिरफ्तारी के वक्त मजबूती से खड़े रहे शाहरुख

पिछले साल भी शाहरुख उस समय अपने परिवार के साथ मजबूती से खड़े दिखाई दिए थे जब उनके बेटे आर्यन खान की ड्रग रखने के आरोप में गिरफ्तारी हुई थी। अक्टूबर 2021 में NCB ने आर्यन को ड्रग रखने के आरोप में गिरफ्तार किया था। हालांकि, बाद में उन्हें क्लीन चिट मिल गई थी। इस दौरान मीडिया से लेकर आम जनता तक की नजर शाहरुख के परिवार पर थी। शाहरुख खुद भी बेटे से मिलने जेल पहुंचे थे।

डेब्यू

जल्द डेब्यू करने जा रहे हैं शाहरुख के दोनों बच्चे

शाहरुख के दोनों बच्चे जल्द अपने करियर का पहला कदम रखने जा रहे हैं। सुहाना जोया अख्तर की फिल्म 'द आर्चीज' से बॉलीवुड में डेब्यू कर रही हैं। इस फिल्म में उनके साथ खुशी कपूर और अगस्त्य नंदा भी नजर आएंगे। वहीं, आर्यन की रुचि निर्देशन में है। वह मुंबई में अपनी एक वेब सीरीज बना रहे हैं। इसकी स्क्रिप्ट भी आर्यन ने खुद लिखी है। वही इसका निर्देशन भी कर रहे हैं।

आगामी फिल्में

शाहरुख की इन फिल्मों का हो रहा इंतजार

शाहरुख की बात करें तो उनकी फिल्म 'पठान' चर्चा में है। यह फिल्म 25 जनवरी, 2023 को रिलीज होने वाली है। शाहरुख फिल्म में जॉन अब्राहम के साथ एक्शन करते नजर आएंगे। इस फिल्म में दीपिका पादुकोण भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। इसके बाद जून में शाहरुख की फिल्म 'जवान' पर्दे पर आएगी। इसका निर्देशन दक्षिण भारतीय फिल्मों के मशहूर निर्देशक एटली कर रहे हैं। अगले साल के अंत में शाहरुख राजकुमार हिरानी की फिल्म 'डंकी' में दिखेंगे।