LOADING...
शाहरुख खान की बड़ी तैयारी, इस ब्लॉकबस्टर फिल्म के सीक्वल में आ सकते हैं नजर
शाहरुख खान सीक्वल फिल्म को लेकर चर्चा में

शाहरुख खान की बड़ी तैयारी, इस ब्लॉकबस्टर फिल्म के सीक्वल में आ सकते हैं नजर

Apr 22, 2026
11:52 am

क्या है खबर?

शाहरुख खान इस वक्त पूरे तन, मन और धन से एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'किंग' पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही यह फिल्म क्रिसमस के मौके पर दिसंबर, 2026 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म में शाहरुख को पहली बार उनके बेटी सुहाना खान के साथ देखा जाएगा। खबर है कि 'किंग' के बाद, सुपरस्टार को उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म के सीक्वल के साथ लौटते हुए देखा जाएगा। यह कोई और नहीं, बल्कि फिल्म 'जवान' है।

चर्चा

'जवान 2' के बनने की चर्चा तेज

इंडिया टुडे के मुताबिक, 'जवान 2' वैचारिक चरण से आगे बढ़ चुकी है। इसकी पटकथा को अंतिम रूप दिया गया है। परियोजना से जुड़े सूत्र ने कहा, "'जवान 2' की पटकथा और विचार पर काफी समय से काम चल रहा था। कुछ हफ्ते पहले पटकथा को अंतिम रूप दिया गया। शाहरुख 'किंग' की शूटिंग पूरी करने के बाद इस पर काम शुरू करेंगे। टीम किसी साउथ अभिनेता को खलनायक के रूप में फाइनल करने की कोशिश में हैं।"

शूटिंग

फिल्म की शूटिंग अगले साल होने की उम्मीद

सूत्र ने आगे बताया कि फिल्म की शूटिंग अगले साल से शुरू होने की उम्मीद है, जो निर्देशक एटली के साथ शाहरुख के दूसरे सहयोग का प्रतीक होगी। बता दें, एटली द्वारा निर्देशित फिल्म 'जवान' (2023) ने दुनियाभर में 1,100 करोड़ रुपये से ज्यादा कारोबार किया था। फिल्म में शाहरुख के अलावा, विजय सेतुपति, नयनतारा, प्रियमणि, सान्या मल्हाेत्रा और सुनील ग्रोवर जैसे सितारे भी अहम भूमिकाओं में थे, जबकि दीपिका पादुकोण ने कैमियो किया था।

Advertisement