Page Loader
'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' में दिखेगा शबाना का अनदेखा अवतार, घटाया 10 किलो वजन
'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' के लिए शबाना आजमी ने घटाया 10 किलो वजन

'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' में दिखेगा शबाना का अनदेखा अवतार, घटाया 10 किलो वजन

Dec 02, 2021
04:52 pm

क्या है खबर?

शबाना आजमी ने अपने फिल्मी करियर में कई यादगार किरदार निभाए हैं। अब वह फिर पर्दे पर अपना जादू चलाने के लिए तैयार हैं। शबाना जल्द ही फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' में दिखाई देंगी। इसमें उनके किरदार से जुड़ी कोई जानकारी सामने नहीं आई थीं। अब खबर है कि फिल्म में अपनी भूमिका के साथ न्याय करने के लिए शबाना ने अपना 10 किलो वजन कम किया है। आइए जानते हैं क्या कुछ जानकारी मिली है।

रिपोर्ट

फिल्म में एक अलग ही अवतार में दिखेंगी शबाना

बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, शबाना आजमी इस फिल्म में कभी ना देखे गए अवतार में नजर आएंगी। उनका किरदार कुछ ऐसा है, जिसके लिए उन्होंने अपना 10 किलो वजन घटाया है। वह फिल्म में अपनी उम्र से कई साल छोटी नजर आएंगी। दरअसल, फिल्म के निर्देशक करण जौहर चाहते थे कि शबाना पर्दे पर स्लिम-ट्रिम और सेक्सी नजर आए। अब शबाना ने भी यह चुनौती स्वीकार की और कुछ ही दिनों में अपना 10 किलो वजन कम कर लिया।

बयान

फिल्म के बहाने कम हो गया शबाना का वजन

शबाना ने 1983 में श्याम बेनेगल की फिल्म 'मंडी' के लिए भी दस किलो वजन बढ़ाया था और फिर दूसरी फिल्मों के लिए उन्हें तुरंत ही अपना वजन कम करना पड़ा था। शबाना ने कहा, "फिल्मों में अपने किरदारों के लिए वजन कम करना और बढ़ाना कोई जरूरी भी नहीं है, वो भी खास एक तय उम्र के बाद, लेकिन करण की फिल्म में मुझे वजन कम करने का एक बहाना चाहिए था, इसलिए मैं भी फौरन तैयार हो गई।"

भूमिका

हाई-प्रोफाइल महिला के किरदार में होंगी शबाना

जब शबाना से फिल्म में उनकी भूमिका के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "मैं फिल्म में दादी की भूमिका में हूं, लेकिन यह एक टिपिकल दादी की भूमिका नहीं है। मेरा किरदार एक बहुत ही हाई-प्रोफाइल महिला का है। मनीष मल्होत्रा ने मेरे लिए कुछ बेहतरीन कपड़े डिजाइन किए हैं।" शबाना ने कहा, "निर्माता के रूप में करण में गजब का सुधार आया है। मैं हैरान थी कि अपने किरदारों और कहानी पर उनकी अच्छी-खासी पकड़ है।"

स्टारकास्ट

फिल्म में काम कर रहे ये कलाकार

फिल्म में आलिया भट्ट और रणवीर सिंह मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, वहीं शबाना आजमी के अलावा इसमें धर्मेंद्र और जया बच्चन सहायक भूमिका में हैं। करण ने बीती जुलाई को अपनी इस फिल्म की घोषणा की थी 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' की शूटिंग इन दिनों दिल्ली में चल रही है। इस फिल्म की कहानी इशिता मोइत्रा, शशांक खैतान और सुमित रॉय ने लिखी है। फिल्म करण जौहर की कंपनी धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही है।

जानकारी

पांच साल बाद निर्देशन में लौट रहे करण

करण ने 2016 में आखिरी बार फीचर फिल्म 'ऐ दिल है मुश्किल' निर्देशित की थी। इसके बाद उन्होंने किसी फिल्म का निर्देशन नहीं किया। अब 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' के जरिए करण पांच साल बाद फीचर फिल्म के निर्देशन में लौट रहे हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (बोनस इंफो)

बता दें कि शबाना आजमी ने अपने लंबे फिल्मी करियर में एक से बढ़कर एक निर्माताओं और निर्देशकों के साथ काम किया है, लेकिन 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' के जरिए उन्हें करण जौहर के साथ पहली बार काम करने का मौका मिला है।