सनी देओल की 'लाहौर 1947' का हिस्सा बनीं शबाना आजमी, दोनों पहली बार साथ करेंगे काम
क्या है खबर?
भारतीय सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी को आखिरी बार अभिषेक बच्चन और सैयामी खेर की फिल्म 'घूमर' में देखा गया था, लेकिन यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी।
बीते साल 12 अगस्त को रिलीज हुई यह फिल्म OTT प्लेटफॉर्म ZEE पर उपलब्ध है।
खैर, 'घूमर' के बाद अब शबाना के हाथ एक बड़ी फिल्म लगी है। वह सनी देओल की फिल्म 'लाहौर 1947' से जुड़ चुकी हैं।
रिपोर्ट
पहली बार साथ काम करेंगे सनी और शबाना
बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के अनुसार, शबाना 'लाहौर 1947' में सनी के साथ दिखाई देंगी। वह जल्द फिल्म की शूटिंग शुरू करने वाली हैं।
अगर ऐसा होता है तो यह पहली बार होगा जब सनी और शबाना साथ काम करेंगे। हालांकि, इस खबर की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
'लाहौर 1947' में सनी की जोड़ी अभिनेत्री प्रीति जिंटा के साथ बनी है। दोनों ने आखिरी बार 2018 में आई फिल्म 'भैयाजी सुपरहिट' में साथ काम किया था।
लाहौर 1947
राजकुमार संतोषी कर रहे हैं फिल्म का निर्देशन
'लाहौर' के निर्देशन की जिम्मेदारी राजकुमार संतोषी पर है तो वहीं आमिर खान इस फिल्म का निर्माण करने वाले हैं।
इसमें 1947 में हुए भारत-पाकिस्तान विभाजन की घटना को दिखाया जाएगा।
'गदर 2' के बाद अब एक बार फिर सनी पर्दे पर पाकिस्तानियों को ललकारते दिखेंगे।
संतोषी और सनी ने करीब 27 साल बाद हाथ मिलाया है। दोनों की जोड़ी ने हिंदी सिनेमा को कई हिट फिल्में दी हैं, जिसमें 'घायल', 'दामिनी' और 'घातक' शामिल हैं।