अमिताभ बच्चन का घर जलसा इस वक्त भारी सुरक्षा के घेरे में आ गया है। दरअसल, इसे बम से उड़ाने की धमकियां मिली हैं और उन पर हमले की साजिश की खबरें भी सामने आई हैं।
इसी सिलसिले में पुलिस ने विकास ठाकुर और दीपक सिंह नाम के 2 लोगों को गिरफ्तार किया है।
इन पर दिल्ली के एक कारोबारी और अमिताभ को निशाना बनाने की साजिश रचने का आरोप है। बताया जा रहा है कि दीपक को 1984 के सिख विरोधी दंगों पर अमिताभ के बयानों को लेकर उन पर हमला करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
इन सबके बीच, 15-16 नवंबर की रात को अमिताभ का एक ट्वीट भी खूब चर्चा में रहा, जिसमें उन्होंने 'बच गए' लिखकर अपनी जान बच जाने का इशारा किया था।
छानबीन में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला
जलसा और कुछ अन्य ठिकानों के बारे में 3 धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।
इसके लिए अतिरिक्त पुलिसबल तैनात किया गया और बैरिकेड्स भी लगाए गए हैं। हालांकि, इन सब के बावजूद अमिताभ ने रविवार को अपने प्रशंसकों से मिलने का अपना साप्ताहिक सिलसिला नहीं रोका है।
पुलिस ने परिसर में तलाशी अभियान भी चलाया है, जिसमें अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु हाथ नहीं लगी है।
हालांकि, पुलिस इस मामले में किसी गिरोह के शामिल होने की संभावना की अभी भी जांच कर रही है।
ट्विटर पोस्ट
https://twitter.com/i/status/2121689283774026077