
वेब सीरीज 'पंचायत' के तीसरे सीजन की भी तैयारी, निर्देशक ने की पुष्टि
क्या है खबर?
जब से वेब सीरीज 'पंचायत 2' रिलीज हुई है, दर्शक इसके बारे में बात करने से खुद को रोक नहीं पा रहे।
सोशल मीडिया पर कोई इसकी कहानी पर बात कर रहा है तो कोई किरदारों पर।
जहां पहले सीजन के बाद सीरीज से कई मीम्स निकलकर आए थे, वहीं दूसरे सीजन का कॉन्टेंट भी चर्चा में है।
इसके तीसरे सीजन का इंतजार कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है, इसके निर्देशक ने 'पंचायत 3' की पुष्टि की है।
जानकारी
कैसी है 'पंचायत' की कहानी?
इसकी कहानी एक इंजीनियर अभिषेक त्रिपाठी (जितेंद्र कुमार) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो बेहतर नौकरी के विकल्पों की कमी के कारण उत्तर प्रदेश के एक सुदूर गांव फुलेरा में पंचायत सचिव के पद पर जॉइन करता है।
बातचीत
'पंचायत' का तीसरा सीजन आएगा
इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में 'पंचायत' के निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा ने दर्शकों के सबसे बड़े सवाल का जवाब दिया है।
दीपक ने सीजन 3 के आने की पुष्टि की है। हालांकि, ये कब आएगा इस पर दीपक ने कुछ नहीं कहा।
पहले और दूसरे सीजन को दर्शकों ने खूब पसंद किया है। ऐसे में तीसरे सीजन को लेकर सबको काफी उम्मीदें हैं।
इस वजह से मेकर्स सीजन 3 को बनाने में पूरा समय लेना चाहते हैं।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
अमेजन प्राइम वीडियो के लिए प्रोडक्शन कंपनी 'द वायरल फीवर' ने इस सीरीज का निर्माण किया है। इसका पहला सीजन अप्रैल, 2020 में आया था। वहीं इसका दूसरा सीजन 18 मई, 2022 को आया। दोनों ही सीजन में औसतन 30-35 मिनट के 8-8 एपिसोड हैं।
सादगी
'पंचायत' के सफल होने की बताई वजह
'पंचायत' की सफलता पर बात करते हुए दीपक ने कहा कि यह शो की सादगी की वजह से हुआ है। शो का नाम भी 'पंचायत' इसे यही सादगी देने की वजह से रखा गया है।
उन्होंने कहा कि इन दिनों क्रूर हिंसा वाली वेब सीरीज की OTT पर भरमार है। ऐसे में पंचायत की सादगी ही उसे सबसे अलग बनाती है। 'पंचायत' के हर किरदार में लोग खुद को देख पाते हैं। इन घटनाओं से खुद को जोड़ पाते हैं।
क्लाइमैक्स
अंत में दर्शकों को क्यों रुलाया?
सीजन 2 के क्लाइमैक्स को भावुक बनाने के लिए मेकर्स पर सवाल उठ रहे थे। दीपक ने इसकी वजह बताई।
उन्होंने कहा कि निर्माता सीरीज के अंत में कुछ ऐसा चाहते थे जो लोगों को बांध ले। इसके लिए कई विकल्पों पर विचार किया गया। कहानी में विधायक का रौब आ गया था, दुर्गेश ने परेशान कर रखा था, सचिव जी और प्रधान जी में अनबन थी, ऐसे में कुछ ऐसा चाहिए था जो इस गैंग को एक कर दे।
रोमांस
सचिव जी और रिंकी का रोमांस देखना चाहते हैं दर्शक
'पंचायत 2' में दर्शक सचिव जी और रिंकी की जोड़ी को काफी पसंद कर रहे हैं। वे इनके रोमांंस को आगे बढ़ता देखना चाहते हैं।
सचिव जी के किरदार में जितेन्द्र कुमार और रिंकी के किरदार में सानविका की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री काफी पसंद की जा रही है।
इनके रोमांस पर दीपक ने कुछ साफ न करते हुए कहा कि सब कुछ धीरे-धीरे होगा।
शो में रघुबीर यादव और नीना गुप्ता की जोड़ी भी पसंद की जा रही है।