'स्क्रब्स' के निर्माता की बढ़ीं मुश्किलें, 23 यौन शोषण के आरोपों पर शुरू हुआ मुकदमा
एरिक वेनबर्ग, जो 'स्क्रब्स' के निर्माता के तौर पर जाने जाते हैं, उन पर लॉस एंजिल्स में 23 गंभीर आरोप लगे हैं। इनमें यौन उत्पीड़न और जबरन बलात्कार जैसे मामले भी शामिल हैं।
इन आरोपों के साथ ही उनका मुकदमा अब शुरू हो गया है। सरकारी वकीलों का कहना है कि एरिक ने 2014 से 2019 के बीच महिलाओं को फोटो शूट के बहाने अपने घर बुलाया और उनकी मर्जी के बिना उनसे शारीरिक संबंध बनाए।
एरिक का दावा है कि जो कुछ भी हुआ, वह आपसी सहमति से हुआ था।
सैक्स ने एरिक के मामले को तलाक से जोड़ा
एरिक के वकील का तर्क है कि उनके मुवक्किल की हरकतें भले ही सवालों के घेरे में हों, लेकिन उन्हें आपराधिक नहीं माना जा सकता।
यह पूरा मामला उनकी पूर्व पत्नी हिलेरी बिडवेल के साथ हुए उनके कड़वे तलाक से भी जुड़ा है। एरिक की वकील रॉबिन सैक्स ने कहा है कि यह मामला हिलेरी बिडवेल के साथ कई सालों से चल रहे एक विवादित तलाक के केस का हिस्सा था, जिसमें बिडवेल ने बच्चों की पूरी कस्टडी पाने के लिए कई कोशिशें की थीं।
इसी हफ्ते 5 आरोप हटा दिए गए हैं, लेकिन मुकदमा आज से शुरू हो रहा है। अगर एरिक दोषी पाए जाते हैं, तो उन्हें उम्रकैद की सजा हो सकती है।