'सरके चुनर' गाना विवाद पर राष्ट्रीय महिला आयोग सख्त, नोरा फतेही-संजय दत्त को दिया आखिरी मौका
क्या है खबर?
ध्रुव सरजा की आगामी फिल्म 'KD: द डेविल' का विवादित गाना 'सरके चुनर' फिर चर्चा में है। इस गाने को नोरा फतेही और संजय दत्त पर फिल्माया गया है, जिसके बोल को कथित अश्लील और आपत्तिजनक करार दिया गया है। राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने 6 अप्रैल को मामले में सुनवाई की। सुनवाई की अध्यक्षता आयोग की चेयरपर्सन विजया रहातकर द्वारा की गई, जिन्होंने नोरा और संजय को सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का आखिरी मौका दिया है।
सुनवाई
महिलाओं की गरिमा से समझौता नहीं किया जा सकता
सुनवाई में, गीतकार रकीब आलम, निर्देशक प्रेम और KVN प्रोडक्शंस के प्रतिनिधि गौतम केएम और सुप्रित पेश हुए। आयोग ने गाने पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा, "रचनात्मकता के नाम पर महिलाओं की गरिमा से समझौता नहीं किया जा सकता।" निर्माताओं ने आयोग के समक्ष लिखित में माफी मांगी और माना कि गाने से समाज पर गलत प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि वे अगले 3 महीनों में महिला सशक्तिकरण के लिए काम करेंगे और उसकी रिपोर्ट आयोग को देंगे।
निर्देश
नोरा फतेही और संजय दत्त को दिया ये निर्देश
सुनवाई के दौरान, नोरा और संजय की ओर से उनके वकील उपस्थित हुए थे, लेकिन आयोग ने इसे नहीं स्वीकारा। आयोग ने अभिनेत्री को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आखिरी मौका देते हुए 27 अप्रैल की तारीख तय की है। वहीं संजय को 8 अप्रैल को सुनवाई में पेश होने का कड़ा निर्देश दिया है। बता दें, 'सरके चुनर' गाने के हिंदी वर्जन को विवाद के चलते सभी यूट्यब समेत सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म से हटाया जा चुका है।