नोरा फतेही का गाना 'सरके चुनर' लिखने पर गीतकार रकीब बोले- मैंने मना किया था
क्या है खबर?
नोरा फतेही का गाना 'सरके चुनर तेरी' अपनी रिलीज के बाद से विवादों में घिरा हुआ है। सोशल मीडिया पर लोग गाने को 'अश्लील और अभद्र' बताते हुए इसपर प्रतिबंध लगाने की मांग कर रहे हैं। इस बीच, 'सरके चुनर तेरी' का हिंदी वर्जन लिखने वाले गीतकार रकीब आलम ने मामले में चुप्पी तोड़ी है। गीतकार ने बताया कि उन्होंने शब्दों पर आपत्ति जताई थी, लेकिन निर्माताओं ने उनसे सिर्फ कन्नड़ वर्जन का शाब्दिक अनुवाद करने के लिए कहा था।
बयान
रकीब आलम ने गाना लिखने से किया था इनकार
HT सिटी से बातचीत में, रकीब ने कहा, "ये बोल मैंने नहीं लिखे हैं; इन्हें फिल्म के निर्देशक प्रेम ने कन्नड़ में लिखा था। जब मुझसे ये सब लिखने को कहा गया, तो मैंने मना कर दिया और कहा कि ऐसे गाने नहीं चलेंगे और सेंसर भी हो जाएंगे। उन्होंने मुझसे कहा कि मैं कन्नड़ वर्जन का शाब्दिक अनुवाद करके उन्हें दे दूं; वह इसे गाने की लय में ढाल देंगे। 'चूसेगा', 'चाटेगा' जैसे शब्द मूल वर्जन में मौजूद हैं।"
इनकार
"मुझे क्या जरूरत है ऐसे गाने लिखने की?"
उन्होंने आगे कहा, "आखिर में पता चलता है कि पूरा गाना शराब की बोतल पर है, लेकिन उससे पहले सबकुछ इतना गंदा है। मैंने मना किया था। मुझे क्या जरूरत है ऐसे गाने लिखने की? मैंने राम चरण की आगामी फिल्म 'पेड्डी' के लिए 'चिकरी चिकरी' हिंदी में लिखा है। 'पुष्पा' के सभी हिंदी गाने मैंने लिखे हैं। 'सरके चुनर' की वजह से मुझे खुद शर्मिंदगी महसूस हो रही है।"
विवाद
इस कारण 'सरके चुनर' पर मचा है बवाल
नोरा और संजय दत्त पर फिल्माया गया 'सरके चुनर तेरी' गाना, पैन-इंडिया फिल्म 'KD: द डेविल' का है जो अप्रैल, 2026 में रिलीज हो रही है। हालांकि, गाने के बोल पर "अश्लील और आपत्तिजनक" होने का आरोप लग रहा है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए नोटिस जारी किया है। उधर ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने भी CBFC को पत्र लिखकर विवादित गाने को प्रतिबंधित करने की मांग की है।