नीलाम होंगी 'इंग्लिश विंग्लिश' में श्रीदेवी की पहनी साड़ियां, जानें कब और कहां
क्या है खबर?
2012 की फिल्म 'इंग्लिश विंग्लिश' की आज भी लोग चर्चा करते हैं। फिल्म में शशि गोडबोले के किरदार में श्रीदेवी ने अपने अभिनय से सबका दिल जीत लिया था।
यह फिल्म क्रिटिक्स के साथ-साथ दर्शकों ने भी खूब पसंद की थी।
फिल्म में शशि की मासूमियत और सादगी को दर्शकों ने खूब पसंद किया। इस किरदार को सादगी देने में कॉस्ट्यूम का भरपूर योगदान रहा।
अब फिल्म में श्रीदेवी की पहनी हुई साड़ियां नीलाम होने जा रही हैं।
नीलामी
10 अक्टूबर को नीलाम होंगी श्रीदेवी की साड़ियां
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक फिल्म के दस साल होने के मौके पर श्रीदेवी की साड़ियां नीलाम की जाएंगी। इससे आने वाला पैसा लड़कियों की शिक्षा के लिए काम करने वाले एक NGO को दिया जाएगा।
फिल्म की निर्देशक गौरी शिंदे ने कहा, "हम 10 अक्टूबर को अंधेरी में फिल्म की स्क्रीनिंग करेंगे। लोगों से फिल्म पर बातचीत करेंगे। इस मौके पर हम फिल्म में श्रीदेवी की पहनी साड़ियां नीलाम करेंगे जिसे मैंने अब तक संभालकर रखा है।"
इंग्लिश विंग्लिश
15 साल बाद 'इंग्लिश विंग्लिश' से श्रीदेवी ने की थी वापसी
'इंग्लिश विंग्लिश' 5 अक्टूबर 2012 को रिलीज हुई थी। फिल्म में शशि को अंग्रेजी न आने के कारण उसके ही परिवारवाले उसका मजाक उड़ाते हैं।
जब वह अमेरीका जाती है तो अंग्रेजी सीखने की शुरुआत करती है। इस प्रक्रिया में वह अपनी जिंदगी के बारे में भी काफी कुछ सीखती है।
फिल्म का निर्देशन गौरी शिंदे ने किया था। इस फिल्म से श्रीदेवी ने 15 साल के ब्रेक के बाद बड़े पर्दे पर वापसी की थी।
साड़ी
हमेशा चर्चा में रही हैं श्रीदेवी की साड़ियां
श्रीदेवी और साड़ियां जैसे एक-दूसरे का पर्याय हैं। इस फिल्म से पहले भी उनकी साड़ियों ने खूब चर्चा बटोरी थी। फिल्म 'चांदनी' में उनके लुक के बाद घर-घर में शिफॉन की साड़ियां प्रचलित हो गई थीं।
फिल्म 'सदमा' में भी उनके साड़ी लुक ने अलग पहचान बनाई थी।
'मिस्टर इंडिया' के गाने 'काटे नहीं कटते दिन ये रात' में उन्होंने नीली साड़ी में ग्लैमर का जादू चलाया था।
'लम्हे' में भी उनके साड़ी लुक को काफी पसंद किया गया था।
करियर
इन फिल्मों से श्रीदेवी ने बॉलीवुड को किया रोशन
श्रीदेवी ने दक्षिण भारतीय फिल्मों से अपने करियर की शुरुआत की थी।
1979 में हिंदी फिल्म 'सोलहवां सावन' से उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू किया था। हालांकि, उन्हें पहचान 1983 की फिल्म 'हिम्मतवाला' से मिली थी।
'सदमा', 'मिस्टर इंडिया', 'चांदनी', 'लम्हे', 'नगीना', 'जुदाई' उनकी यादगार फिल्मों में हैं।
दूसरी पारी में उन्होंने 'इंग्लिश विंग्लिश' और 'मॉम' में काम किया।
फरवरी 2018 में दुबई एक एक होटल में बाथटब में डूबने से श्रीदेवी की मृत्यु हो गई थी।