सरथ कुमार-राधिका ने लिया बोट रेस का मजा, 104 नाविकों का तालमेल देख रह गए हैरान
मनोरंजन
ओणम त्योहार के खास आयोजन केरल की 72वीं नेहरू ट्रॉफी बोट रेस में अभिनेता सरथ कुमार और उनकी पत्नी राधिका ने खूब मस्ती की। इस दौरान दोनों ने एरोमा बोट क्लब को जीतते हुए देखा। एरोमा बोट क्लब की ‘एरोमा चुंडन’ नाव ने रेस में शानदार जीत हासिल की। इस नाव की कप्तानी अभिनेता रंजीत सजीवन कर रहे थे।
104 नाविकों का तालमेल देख प्रभावित हुए सरथ
सरथ कुमार ने इस रेस को टीमवर्क की शानदार मिसाल बताया। 104 नाविकों को एक साथ इतने बेहतरीन तालमेल के साथ नाव चलाते देखकर वह काफी प्रभावित हुए। उन्होंने अपने नाव चलाने के दिनों को याद करते हुए बताया कि ये खेल कितना मुश्किल होने के साथ-साथ रोमांचक भी है।
उन्होंने बोट रेस के माहौल की तुलना पौराणिक फिल्मों से की। उनका मानना है कि ये रेस केरल के पर्यटन को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा सकती है और दुनियाभर के लोगों का ध्यान राज्य की ओर खींच सकती है।