कान्स 2023: देसी अंदाज में पहुंचीं सारा अली खान, मानुषी छिल्लर ने भी किया डेब्यू
क्या है खबर?
76वां कान्स फिल्म फेस्टिवल फ्रांस में शुरू हो चुका है और दुनियाभर के सितारे यहां पहुंच रहे हैं। इस बार भारत के लिए यह फेस्टिवल खास है, क्योंकि रेड कार्पेट पर कई भारतीय हस्तियां नजर आने वाली हैं। फिल्म फेस्टिवल के पहले दिन सारा अली खान, मानुषी छिल्लर और ईशा गुप्ता ने रेड कार्पेट पर दस्तक दी।
तीनों ही पहली बार इस प्रतिष्ठित समारोह के रेड कार्पेट पर नजर आईं। आइए, नजर डालते हैं ये अभिनेत्रियां किस अंदाज में दिखीं।
सारा अली खान
अबु जानी और संदीप खोसला की ड्रेस में पहुंचीं सारा
सारा अली खान कान्स फिल्म फेस्टिवल के रेड कार्पेट पर देसी अंदाज में पहुंचीं। उन्होंने आइवरी स्कर्ट और ब्लाउज के साथ दुपट्टा लिया था।
इस आउटफिट पर हाथ से घनी कारीगरी की गई है। इस खूबसूरत ड्रेस पर नग, मोती और रेशम का काम दिखता है।
सारा की यह ड्रेस सेलिब्रिटी डिजाइनर अबु जानी और संदीप खोसला ने तैयार की है। सोशल मीडिया पर लोग अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय अंदाज में पहुंचने के लिए सारा की तारीफ कर रहे हैं।
मानुषी छिल्लर
'मॉडर्न सिंड्रेला' बनीं मानुषी छिल्लर
अभिनेत्री और पूर्व मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर ने भी कान्स फिल्म फेस्टिवल में अपना डेब्यू किया।
मानुषी यहां सफेद हाई थाई स्लिट गाउन में पहुंची थीं। उन्होंने यह गाउन फोवरी के कलेक्शन से चुना था।
इस प्रतिष्ठित समारोह में मानुषी वॉकर्स एंड कंपनी का प्रतिनिधित्व कर रही थीं। प्रशंसक उनके डेब्यू लुक के कायल हो गए। सोशल मीडिया पर उनकी खूप प्रशंसा हो रही है और लोग उन्हें 'मॉडर्न सिंड्रेला' कह रहे हैं।
ईशा गुप्ता
छा गईं ईशा गुप्ता
कान्स के रेड कार्पेट पर ईशा गुप्ता के लुक ने भी सबका ध्यान खींचा। उनके ग्लैमरस और बोल्ड अंदाज की सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है।
ईशा ने सफेद रंग का हाई थाई स्लिट गाउन पहना था। इसके साथ उन्होंने सिंपल फुटवेयर चुना। इस समारोह के लिए ईशा को विक्टर ब्लैंको ने तैयार किया था। वहीं उनका आउटफिट डिजाइनर निकोलस जेबरान ने तैयार किया था।
कान्स में अपनी पहली उपस्थिति में ही ईशा छा गईं।
अन्य
अब इन सितारों की झलक का है इंतजार
कान्स फिल्म फेस्टिवल 2023 भारतीय प्रशंसकों के बीच चर्चा में हैं। सारा, मानुषी और ईशा के अलावा अभिनेत्री अनुष्का शर्मा भी इस बार कान्स में डेब्यू कर रही हैं।
यहां विजय वर्मा, मृणाल ठाकुर और कुमार सानू की बेटी शैनन सानू भी जैसे सितारे भी नजर आएंगे। अभिनेत्री सनी लियोनी भी इस रेड कार्पेट पर नजर आएंगी। उनकी फिल्म 'कैनेडी' इस फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित की जा रही है।
ऐश्वर्या राय बच्चन भी कान्स के लिए रवाना हो चुकी हैं।