संजय मिश्रा और विजय राज अभिनीत सुभाष घई की '36 फार्महाउस' का ट्रेलर रिलीज

सुभाष घई बॉलीवुड के महान फिल्म निर्देशक हैं। उन्होंने ही 'राम लखन', 'सौदागर' और 'खलनायक' जैसी कालजयी फिल्मों को शक्ल दी है। हाल में उन्होंने फिल्म '36 फार्महाउस' का ऐलान किया था। इस फिल्म के जरिए वह OTT पर कदम रखने वाले हैं। फिल्म में संजय मिश्रा और विजय राज जैसे दिग्गज कलाकार भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। अब इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है, जो काफी मजेदार है।
ZEE5 ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर फिल्म का ट्रेलर शेयर किया है। यह फिल्म 21 जनवरी को ZEE5 पर रिलीज होगी। ZEE5 ने अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा, 'हर कहानी के अपने ट्विस्ट होते हैं। '36 फार्महाउस' की कहानी भी यही है। इसका प्रसारण 21 जनवरी को केवल ZEE5 पर होगा।' इस फिल्म को सुभाष ने प्रोड्यूस किया है। साथ ही उन्होंने इस फिल्म की कहानी भी लिखी है। इसका निर्देशन राम रमेश शर्मा ने किया है।
ट्रेलर की शुरुआत ही विजय के दमदार एंट्री से होती है। उन्होंने फिल्म में पद्मिनी राज सिंह के बड़े बेटे का किरदार निभाया है। फिल्म में उनके दो छोटे भाई भी होंगे। इस फिल्म की कहानी एक फार्महाउस के 300 एकड़ जमीन से जुड़ी है। इस जमीन को राज अकेले हड़पना चाहते हैं। ट्रेलर के अगले सीन में हल्के-फुल्के अंदाज में अभिनेता संजय मुखातिब होते हैं। संजय एक बार फिर अपनी कॉमेडी में मशगूल दिखे।
ट्रेलर में अमोल पाराशर की झलक भी दिखी है। ट्रेलर देखने से साफ जाहिर होता है कि इसकी कहानी फार्महाउस की प्रॉपर्टी से जुड़ी है। सभी की नजर इस प्रॉपर्टी पर होती है। बीच-बीच में कॉमेडी और मनोरंजन का तड़का भी लगाया गया है। ट्रेलर के अगले हिस्से में दिखाया गया है कि कैसे इस फार्महाउस में पुलिस का छापा पड़ता है। कुल मिलाकर कहानी में काफी रोचक मोड़ हैं। फिल्म देखने के बाद ही इसकी गुत्थी सुलझेगी।
every tale has its twists. so does the tale of #36Farmhouse.
— ZEE5 (@ZEE5India) January 11, 2022
premieres 21st jan, only on #ZEE5 pic.twitter.com/IfkKuzvvoO
फ्लोरा सैनी और बरखा सिंह भी फिल्म का हिस्सा हैं। यह छोटे बजट की फिल्म है। यह फिल्म सुभाष की एक कहानी पर आधारित है, जिसमें कुछ गरीब लोग बहुत जरूरी चीजों के लिए फार्महाउस में घुस जाते हैं। इसमें वे यह पता लगाने के लिए जाते हैं कि अमीर मालिक बड़े अपराधों में कैसे संलिप्त हैं। सुभाष ने कहा था, "इसकी टैगलाइन में लिखा है कि कुछ जरूरत के लिए चोरी करते हैं और कुछ लालच के लिए।"
सुभाष बतौर निर्माता इस फिल्म के जरिए छह साल बाद अपनी वापसी कर रहे हैं। उन्होंने आखिरी बार सलमान खान के साथ 2015 में रोमांटिक एक्शन फिल्म 'हीरो' बनाई थी। इस फिल्म से अथिया शेट्टी और सूरज पंचोली ने बॉलीवुड में कदम रखा था।
सुभाष का जन्म 24 जनवरी, 1945 को नागपुर के महाराष्ट्र में हुआ था। उनके पिता दिल्ली में एक डेंटिस्ट थे। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बतौर अभिनेता की थी। फिल्म 'कालीचरण' से साल 1976 में उन्होंने निर्देशन में कदम रखा था। साल 2006 में उन्हें सामाजिक फिल्म 'इकबाल' के लिए राष्ट्रीय सम्मान से भी नवाजा गया था। इसके अलावा उन्होंने 'परदेश', 'ताल', 'हीरो', 'जंग' और 'कर्मा' जैसी फिल्मों में काम किया है।