फिल्म 'लव एंड वार' बनाने में क्यों देरी कर रहे संजय लीला भंसाली? हुआ ये खुलासा
क्या है खबर?
संजय लीला भंसाली की आगामी फिल्म 'लव एंड वार' घोषणा के बाद से चर्चा में है। हाल ही में, एक कार्यक्रम के दौरान आलिया भट्ट ने पुष्टि की थी कि वह इसकी शूटिंग में व्यस्त चल रही हैं। हैरानी की बात यह है कि पिछले साल से शूटिंग चरण में चल रही फिल्म की रिलीज इस साल तक टलने की प्रबल संभावना है। फिल्म को लेकर लगातार हो रही देरी के पीछे असली कारण का खुलासा अब हो गया है।
कारण
'लव एंड वार' की शूटिंग में देरी का कारण आया सामने
परियोजना से जुड़े एक सूत्र ने 'द स्टेट्समैन' को बताया कि 'लव एंड वार' के कुछ अहम दृश्यों की दोबारा शूटिंग हो रही है जिससे बजट बढ़ गया है। इस कारण फिल्म बनने में बार-बार देरी हो रही है। सूत्र ने आगे बताया कि भंसाली हर फ्रेम में परफेक्शन चाहते हैं, इसलिए कुछ दृश्यों की शूटिंग दोबारा से कर रहे हैं। उधर रणबीर कपूर ने हालिया इंस्टाग्राम लाइव में कहा था कि फिल्म के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
रिलीज
2027 में रिलीज हो सकती है फिल्म
रणबीर ने फैंस से कहा था कि 'लव एंड वार', जिसके अगस्त 2026 तक रिलीज होने की संभावना थी, अब शायद इस साल के अंत या 2027 में रिलीज होगी। उन्हाेंने देरी का करण बताते हुए स्पष्ट किया था कि भव्य परियोजनाओं को पूरा होने में थोड़ा ज्यादा समय लगता है, क्योंकि इनका पैमाना और दृष्टिकोण बहुत महत्वाकांक्षी है। अब देखना होगा कि निर्माता फिल्म की रिलीज तारीख कब बताते हैं। बता दें, विक्की कौशल भी फिल्म का हिस्सा हैं।