'लव एंड वॉर' के लिए प्री-ट्रेलर गाना रिलीज करने की तैयारी, क्या है इसका मतलब?
क्या है खबर?
संजय लीला भंसाली की 'लव एंड वॉर' 2027 की सबसे प्रतीक्षित फिल्मों में से एक है। इस परियोजना के लिए आलिया भट्ट, रणबीर कपूर और विक्की कौशल एक साथ आए हैं। पिछले महीने तीनों का पहला लुक सोशल मीडिया पर आया था। तीनों के अलग-अलग किरदारों को देखने के बाद, दर्शक फिल्म के टीजर और ट्रेलर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, भंसाली अपने पुराने ढर्रे पर चलते हुए प्री-ट्रेलर गाना रिलीज करने की योजना बना रहे हैं।
रणनीति
'लव एंड वॉर' के लिए भंसाली की तगड़ी तैयारी
वैरायटी इंडिया के मुताबिक, एक सूत्र ने बताया कि 'लव एंड वॉर' से आलिया, रणबीर और विक्की का पोस्टर रिलीज होने के बाद, फिल्म का अगला प्रमोशनल एसेट इसका संगीत होगा।
उन्होंने कहा, "भंसाली ट्रेलर से पहले एक गाना रिलीज करने की योजना बना रहे हैं। यह रणनीति उन्होंने पहले 'बाजीराव मस्तानी' और 'हीरामंडी' के लिए इस्तेमाल की थी।"
सूत्र के मुताबिक, भंसाली चाहते हैं कि ट्रेलर से पहले दर्शक एक गाना गुनगुनाएं जो इस फिल्म का हिस्सा होगा।
मतलब
प्री-ट्रेलर पहले भी रही है भंसाली की योजना
आसान शब्दों में कहें, तो प्री-ट्रेलर का मतलब होता है कि किसी भी फिल्म का ट्रेलर रिलीज करने से पहले, उसी फिल्म का एक गाना दर्शकों के लिए जारी करना।
पूर्व में, भंसाली ने 'बाजीराव मस्तानी' (2015) के लिए पहले 'गजानन' गाना रिलीज किया था। फिर 'हीरामंडी' के ट्रेलर से पहले 'सकल बन' गाना रिलीज करके चर्चा बटोरी थी।
'लव एंड वॉर' के लिए यही रणनीति अपनाने की चर्चा है। फिल्म 21 जनवरी, 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।