शाहरुख खान अंडरवर्ल्ड की धमकी के आगे नहीं झुके, बोले- मैं पठान हूं, चाहो तो गोली मार लो
फिल्म निर्माता संजय गुप्ता ने ‘हुसैन जदी फाइल्स’ पॉडकास्ट में शाहरुख खान को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि एक समय मुंबई के अंडरवर्ल्ड से जुड़े कुछ लोगों ने शाहरुख पर अपनी पसंद की फिल्म या शो करने का दबाव बनाया था। शाहरुख ने उनकी बात मानने से साफ इनकार कर दिया। गुप्ता के मुताबिक, इस वजह से उन्हें जान से मारने की धमकियां भी मिलीं, लेकिन शाहरुख पीछे नहीं हटे। उन्होंने कहा था, “मैं एक पठान हूं, चाहो तो गोली मार लो।” शाहरुख ने साफ कर दिया था कि वो किसी भी कीमत पर अपने उसूलों से समझौता नहीं करेंगे।
भारी सुरक्षा के बीच रहे शाहरुख
शाहरुख के इस निडर रवैये ने न सिर्फ उनके हौसले को दिखाया, बल्कि धमकी देने वाले लोग भी उनकी बात से हैरान रह गए। बताया जाता है कि बाद में उन्होंने इन धमकियों के बारे में बात करते हुए कहा था कि वो करीब 3 साल तक कड़ी सुरक्षा के बीच रहे। इसके बावजूद उन्होंने कभी किसी के सामने झुकना स्वीकार नहीं किया। उस समय बॉलीवुड में इस तरह के दबाव और खतरों की बातें सामने आती रहती थीं, लेकिन शाहरुख अपने फैसले पर कायम रहे। अब उनकी अगली फिल्म सिद्धार्थ आनंद की ‘किंग’ है, जो 24 दिसंबर 2026 को रिलीज होगी।