संजय गुप्ता के जाने से टूटीं पत्नी अनुराधा- काश! उनके साथ एक दिन और मिल जाता
क्या है खबर?
फिल्म निर्माता और निर्देशक संजय गुप्ता के निधन के बाद उनकी पत्नी अनुराधा लेखी गुप्ता ने उन्हें एक भावुक श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने संजय गुप्ता को एक बेहतरीन कहानीकार, समर्पित पिता, प्यार करने वाले पति और अपने परिवार की रीढ़ के रूप में याद किया। 59 वर्षीय संजय गुप्ता का मुंबई स्थित घर में गिरने से सिर में गंभीर चोट लगने के कारण निधन हो गया था। आइए जानें अनुराधा ने अपने पोस्ट में क्या कुछ लिखा।
भावुक पोस्ट
आप हमेशा मेरे अंदर के जेरी को परेशान करते थे- अनुराधा
अपने प्राइवेट इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की गई एक पोस्ट में अनुराधा ने संजय गुप्ता को सबसे मजाकिया इंसान और अपनी जिंदगी का सबसे सकारात्मक व्यक्ति बताया। दोनों के बीच के मजाक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनका ब्लड ग्रुप भी 'B पॉजिटिव' ही था।
अनुराधा ने लिखा कि वो गुप्ता की रानी थीं, जबकि वो उनके 'टॉम' थे, जो हमेशा उनके अंदर के 'जेरी' को परेशान करते रहते थे।
यादें
'वो राजा की तरह जिए, दुनिया के सबसे अच्छे पिता थे'
अनुराधा ने लिखा, 'वो मेरे जाने हुए सबसे महान कहानीकार थे। इस पूरे ब्रह्मांड के सबसे अच्छे पिता और सबसे दिलदार इंसान। वे इतने दरियादिल थे कि शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। वो वही शख्स थे, जिन्होंने एक साधारण ऑमलेट बनाकर मेरा दिल जीता था। ऐसा ऑमलेट, जो आपने कभी खाया भी नहीं होगा।'
उन्होंने गुप्ता को एक ऐसे इंसान के रूप में बयां किया, जो राजा की तरह जीते थे और जिनका दिल बहुत बड़ा था
प्यार
संजय गुप्ता को पत्नी की भावुक श्रद्धांजलि
अनुराधा ने बताया कि संजय का दिल बेहद कोमल था और वो फिल्म इंडस्ट्री के हिसाब से बहुत सीधे थे।
उन्होंने लिखा कि संजय कभी दिल में कोई रंजिश नहीं रखते थे, एक सच्चे दोस्त और शानदार मेजबान थे।
अनुराधा ने आगे लिखा कि संजय के लिए शब्द कम पड़ जाते हैं, काश! उनके साथ बिताने के लिए एक दिन और मिल जाता। उन्होंने संजय को प्यार से 'गुप्तेश्वर' कहते हुए लिखा कि वो उनसे बहुत प्यार करती हैं।