संजय गुप्ता की मौत कैसे हुई? सुबह फर्श पर लहूलुहान हालत में मिले फिल्ममेकर
क्या है खबर?
फिल्म निर्माता और निर्देशक संजय गुप्ता के अचानक निधन से पूरी फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसक स्तब्ध हैं। शनिवार सुबह वर्सोवा पुलिस ने समाचार एजेंसी से इस खबर की पुष्टि की। वर्सोवा पुलिस स्टेशन को शनिवार सुबह संजय गुप्ता के मुंबई स्थित घर पर दुर्घटनावश गिरने से हुए निधन की सूचना मिली। पुलिस ने समाचार एजेंसी IANS से इसकी पुष्टि करते हुए घटना के संबंध में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर ली है।
मौत का कारण
सीसीटीवी से खुला संजय गुप्ता की मौत का राज
वर्सोवा पुलिस के मुताबिक, घटना की जानकारी सुबह मिलने पर जब टीम संजय गुप्ता के घर पहुंची तो जांच में घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
फुटेज में सामने आया कि रात करीब 2 बजे ड्राइंग रूम में बैठे संजय गुप्ता किचन की तरफ गए, जहां उनका संतुलन बिगड़ गया और वो दीवार से जा टकराए। इस दर्दनाक हादसे में सिर पर गंभीर चोट लगने से उनका निधन हो गया।
हादसा
रात में दीवार से टकराया सिर, सुबह लहूलुहान मिले संजय गुप्ता
पुलिस के मुताबिक, रात में गुप्ता का सिर किचन और ड्राइंग रूम के बीच दीवार के कोने से टकराया था, जिससे वो वहीं गिर पड़े।
उस वक्त पास में पालतू कुत्ता भी मौजूद था। पत्नी और दोनों बच्चे अपने कमरों में सो रहे थे, इसलिए उन्हें हादसे का पता नहीं चला। सुबह उठने पर परिजनों ने उन्हें लहूलुहान हालत में देखा और अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
संजय गुप्ता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने किसी पर शक नहीं जताया है और सीसीटीवी फुटेज में भी संतुलन बिगड़ने से हादसा होना साफ दिख रहा है। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।