संजय दत्त की फिल्म 'आखिरी सवाल' पर छाए संकट के बादल? जानिए कहां फंसा पेंच
क्या है खबर?
संजय दत्त की फिल्म 'आखिरी सवाल' 8 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होनी है। फिल्म का ट्रेलर अभी तक रिलीज नहीं किया गया है। माना जा रहा था कि इसे 30 अप्रैल तक रिलीज कर दिया जाएगा, लेकिन निर्माताओं की ओर से कोई पूर्व सूचना अब तक नहीं आई। ताजा जानकारी है कि फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से हंरी झंडी नहीं मिल पाई है। नतीजन, निर्माताओं को फिल्म के ट्रेलर को रिलीज करने से रोकना पड़ा है।
वजह
इस कारण ट्रेलर की रिलीज स्थिगित हुई
बॉलीवुड हंगामा से बातचीत में एक सूत्र ने बताया, "सेंसर क्लीयरेंस लंबित होने के कारण ट्रेलर की रिलीज को फिलहाल स्थगित किया गया है। सेंसर बोर्ड ने कुछ बदलाव करने को कहा है। ट्रेलर की नई रिलीज तिथि अभी तक घोषित नहीं की गई है।" पहले खबर थी कि निर्माता फिल्म का ट्रेलर 30 अप्रैल को जारी करेंगे और इसके लिए एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन होगा जिसमें फिल्म की पूरी कास्ट और क्रू हिस्सा लेंगे।
फिल्म
'आखिरी सवाल' की कहानी और कास्ट
अभिजीत मोहन वारंग द्वारा निर्देशित 'आखिरी सवाल' राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्षों के सफर से प्रेरित एक सशक्त कहानी दिखाने का वादा करती है। इसमें महात्मा गांधी की हत्या के बाद लगाए गए प्रतिबंध और बाबरी मस्जिद विध्वंस से जुड़े विवादों को दिखाया जाएगा। 'निखिल नंदा मोशन पिक्चर्स' के बैनर तले निर्मित इस फिल्म में संजय को मुख्य किरदार में देखा जाएगा। उनके अलावा अमित साध, नमाशी चक्रवर्ती, समीरा रेड्डी और त्रिधा चौधरी जैसे दमदार कलाकार शामिल हैं।