Page Loader
संदीप रेड्डी वांगा भाई-भतीजावाद पर भड़के, बोले- बाहरी के साथ जानवर जैसा सलूक करती है इंडस्ट्री
संदीप रेड्डी वांगा ने साधा भाई-भतीजावाद पर निशाना

संदीप रेड्डी वांगा भाई-भतीजावाद पर भड़के, बोले- बाहरी के साथ जानवर जैसा सलूक करती है इंडस्ट्री

Jan 17, 2024
02:42 pm

क्या है खबर?

निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा अपनी दो टूक बयानबाजी के लिए जाने जाते हैं। हालांकि, अपनी इस बेबाकी के चलते वह कई दफा लोगों के निशाने पर भी रहे हैं, बावजूद इसके निर्देशक अपने दिल की बात कहने से पीछे नहीं हटते। हाल ही में उन्होंने नेपोटिज्म यानी भाई-भतीजावाद पर निशाना साधा और पुरस्कार समारोहों पर भी खूब तंज कसा। अपने इस इंटरव्यू में संदीप ने उनके प्रति फिल्म इंडस्ट्री के रवैये पर भी बात की।

बयान

"बाहरी लोगों का स्वागत नहीं करती इंडस्ट्री"

दैनिक भास्कर से संदीप ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री उनके जैसे बाहरी लोगों के साथ दुश्मन जैसा बर्ताव करती है। पुरस्कार समारोह का उदाहरण देते हुए संदीप ने कहा कि इंडस्ट्री नए विचारों वाले बाहरी लोगों का स्वागत करने के बजाय अपने स्वयं के प्रचार में अधिक रुचि रखती है। संदीप ऐसा नहीं दिखाना चाहते कि वह बहुत ज्यादा शिकायत कर रहे हैं, इसलिए उन्होंने इंडस्ट्री में अनुभव की गईं चीजों के बारे में चुप रहना चुना है।

दो टूक

जानवरों जैसा सलूक करती है इंडस्ट्री- संदीप

संदीप ने आगे कहा, "इंडस्ट्री बाहरी लोगों के साथ जानवरों की तरह व्यवहार करती है। आप अपने क्षेत्र में प्रवेश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ विद्रोह करते हैं।' यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें इंडस्ट्री से शत्रुता महसूस हुई है, वांगा ने कहा, "ऐसा होता है। पुरस्कार शो देखें। वे अपने दोस्तों का ही प्रचार करते हैं। हर कोई जानता है कि पुरस्कार समारोह कैसे होते हैं।"

दिल की बात

बच्चे की तरह नहीं रोना चाहते संदीप

संदीप ने बातचीत में कहा, "अगर मैं आपको यह बताने का फैसला करता हूं कि 'कबीर सिंह' और 'एनिमल' के साथ पिछले 4 सालों में मैं किस दौर से गुजरा हूं तो मैं कल तक यह बातचीत जारी रख सकता हूं। आपके कैमरे की मेमोरी खत्म हो जाएगी, लेकिन मेरी बातें खत्म नहीं होंगी, क्योंकि मेरे साथ बताने के लिए बहुत कुछ है और मेरे साथ काफी कुछ हो चुका है, लेकिन मैं एक बच्चे की तरह रोना नहीं चाहता।"

उपलब्धि

'एनिमल' को फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में मिले है 19 नामांकन

संदीप ने अपनी हालिया रिलीज फिल्म 'एनिमल' से ब्लॉकबस्टर सफलता हासिल की है। रणबीर कपूर अभिनीत 'एनिमल' वांगा के करियर की सबसे बड़ी सफल फिल्म साबित हुई। 'A' सर्टिफिकेट मिलने और विवादों में घिरे रहने के बाद भी फिल्म ने सफलता की बुलंदियों को छूते हुए कमाई के कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। 'एनिमल' ने फिल्मफेयर पुरस्कारों में 19 अलग-अलग श्रेणियों में नामांकन हासिल किए हैं। लगता है इससे भी संदीप खुश और संतुष्ट नहीं हैं।

जानकारी

संदीप की फिल्म 'कबीर सिंह' पर भी हुआ था विवाद

संदीप इससे पहले 'कबीर सिंह' लाए थे, जिसमें शाहिद कपूर ने मुख्य भूमिका निभाई थी। यह उनके करियर की पहली सबसे कमाऊ फिल्म बनी थी। यह संदीप की पहली हिंदी फिल्म थी। हालांकि, उनकी इस फिल्म पर भी महिला विरोधी होने का आरोप लगा था।