'इंडियाज गॉट लेटेंट 2': समय रैना ने प्रतियोगी को रोका, 'मां' की गाली देने पर टोका
क्या है खबर?
'इंडियाज गॉट लेटेंट' के विवाद में कानूनी पचड़ों का सामना करने के बाद कॉमेडियन समय रैना अब काफी सतर्क नजर आ रहे हैं। अपने हिट शो के दूसरे सीजन को होस्ट करते हुए वह प्रतियोगियों को विवादित चुटकुले बनाने से रोकते दिख रहे हैं। हालिया एपिसोड में भी जब एक प्रतियोगी ने स्टेज पर मां से जुड़ी गाली देने की कोशिश की तो समय ने तुरंत हस्तक्षेप कर उसे रोक दिया ताकि वह फिर किसी नई मुसीबत में न फंसें।
गाली
स्टेज पर अमिताभ की मिमिक्री करते ही प्रतियोगी ने दी गाली
इसकी शुरुआत तब हुई, जब प्रतीक भारद्वाज नाम के एक प्रतियोगी ने मंच पर अमिताभ बच्चन के 'कौन बनेगा करोड़पति' की मेजबानी करने के अंदाज की नकल उतारी।
जैसे ही उनका समय समाप्त हुआ, उन्होंने कहा, "चलिए भाई, समय समाप्ति की घोषणा, तुम्हारी मां का..." हालांकि, इसी दौरान समय रैना ने तुरंत हस्तक्षेप किया और प्रतियोगी को मां से जुड़ी गाली का इस्तेमाल करने से रोक दिया। प्रतियोगी भी हंस पड़ा और समय की बात मानते हुए बोला, "नहीं बोलेंगे।"
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए वीडियो
Amitabh Bachchan on Samay Raina India Got Latent pic.twitter.com/qV61sJW9iJ
— NEUTRAL INDIA (@_neutralindia) September 19, 2026
जोक
विमान हादसे पर चुटकुला सुनाने लगा प्रतियोगी, समय ने फिर बीच में टोका
पिछले एक एपिसोड में जब प्रतियोगी विजय ने अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया प्लेन क्रैश पर चुटकुला सुनाना शुरू किया तो समय ने उसे बीच में ही रोक दिया।
उन्होंने एक सवाल के जवाब में उससे पूछा था कि उसे उड़ानों से डर क्यों लगता है। इस पर विजय ने हंसते हुए अपने शहर का एक पुराना वाकया सुनाने की कोशिश की, लेकिन समय ने तुरंत उसे टोकते हुए ऐसा चुटकुला सुनाने को कहा, जिसे वो शो में रख सकें।
मुश्किलें
पिछले साल कानूनी शिकंजे में फंसे थे समय
पिछले साल समय रैना के शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' में यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया के एक आपत्तिजनक बयान पर बवाल मच गया था।
रणवीर ने मंच पर प्रतियोगी से माता-पिता की निजता को लेकर बेहद अभद्र और विवादित सवाल पूछा था, जिससे भारी जन आक्रोश पैदा हो गया।
इस अशोभनीय टिप्पणी के कारण काफी कानूनी विवाद हुआ और लोगों ने सोशल मीडिया पर शो, निर्माताओं व रणवीर को जमकर ट्रोल करते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
गाज
BNS की धाराओं में FIR, डिलीट करने पड़े शो के सारे एपिसोड
इस घटना के बाद रणवीर अल्लाहबादिया और समय रैना के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
उन पर शो के माध्यम से अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री को बढ़ावा देने का आरोप लगा, जिसके तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं में मामला दर्ज हुआ।
इस बढ़ते विवाद के कारण समय रैना को 'इंडियाज गॉट लैटेंट' के सभी एपिसोड यूट्यूब से हटाने पड़े और उन्हें अपना इंडिया टूर भी स्थगित करना पड़ा।