LOADING...
'इंडियाज गॉट लेटेंट' विवाद: रणवीर अल्लाहबादिया के खिलाफ जांच पूरी, मुश्किल में फंसे समय रैना
रणवीर अल्लाहबादिया के खिलाफ जांच पूरी (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@beerbiceps)

'इंडियाज गॉट लेटेंट' विवाद: रणवीर अल्लाहबादिया के खिलाफ जांच पूरी, मुश्किल में फंसे समय रैना

Apr 21, 2025
03:49 pm

क्या है खबर?

समय रैना के शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' में रणवीर अल्लाहबादिया ने माता-पिता पर विवादित और अश्लील टिप्पणी की थी, जिसके चक्कर में वह अब तक मुश्किल में फंसे हुए हैं। अभद्र टिप्पणी मामले में आज यानी 21 अप्रैल को सुनवाई हुई। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि रणवीर के खिलाफ जांच पूरी हो गई है। उधर, समय की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने समय को रणवीर मामले में शामिल किया है।

सुनवाई

अदालत ने जताई नाराजगी

जहां रणवीर के पासपोर्ट वापस करने की उनकी याचिका पर सुनवाई अब 28 अप्रैल, 2025 को होगी तो वहीं सुप्रीम कोर्ट ने समय को रणवीर मामले में शामिल कर लिया है। दरअसल, अदालत ने समय के चुटकुलों पर गहरी नाराजगी जताई है, जिसमें दृष्टिबाधित लोगों और स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी (SMA) से पीड़ित एक शिशु का मजाक उड़ाया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने समय की इन टिप्पणियों को "वास्तव में परेशान" करने वाला बताया है।

विवाद

रणवीर के इस अश्लील सवाल पर भड़के थे लोग 

शो में रणवीर ने एक प्रतियोगी से पूछा था, "क्या आप अपने माता-पिता को जीवनभर हर दिन संबंध बनाते देखना पसंद करेंगे या एक बार इसमें शामिल होकर इसे हमेशा के लिए बंद कर देंगे?'' रणवीर का वीडियो सामने आने के बाद खूब बवाल हुआ। लोगों ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अश्लीलता को कॉमेडी के रूप में पेश किया जा रहा है। इसके बाद रणवीर, समय और शो से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ कई शिकायतें दर्ज की गईं।