सामंथा रुथ प्रभु का नया अवतार, संभालेंगी शो 'सेलिब्रिटी मास्टरशेफ तमिल' की कमान
अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु जल्द ही रियलिटी शो 'सेलिब्रिटी मास्टरशेफ तमिल' की कमान संभालती नजर आएंगी। कुकिंग पर आधारित इस मजेदार शो में तमिल मनोरंजन जगत के कई बड़े सितारे कुकिंग की चुनौतियों में एक-दूसरे का सामना करेंगे। यह शो 'सोनी विझा' टीवी चैनल और 'सोनी लिव' (SonyLIV) OTT प्लेटफॉर्म पर दिखाया जाएगा। ये पूरा अनुभव विशुद्ध तमिल रंग में रंगा होगा, जिसमें स्थानीय स्वाद, जाने-पहचाने चेहरे और तमिल संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
शो को लेकर सामंथा क्या बोलीं?
अपने उत्साह को साझा करते हुए सामंथा ने कहा, "भोजन में लोगों को एक साथ लाने की अद्भुत शक्ति होती है।" उन्होंने बताया कि वो रसोई में सितारों को खाना बनाते और अपनी पाक कला के दौरान थोड़ा-बहुत हंगामा करते हुए देखने के लिए काफी उत्सुक हैं। दर्शकों को भी इस शो के जरिए कलाकारों का एक नया और अलग रूप देखने को मिलेगा।
इस शो को सामंथा खुद होस्ट करेंगी। हालांकि, शो में हिस्सा लेने वाले सितारों के नामों का खुलासा अभी नहीं किया गया है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि दर्शकों को कई बेहतरीन सरप्राइज और स्वादिष्ट पल देखने को मिलेंगे।