सामंथा रुथ वजन घटने के तानों पर बोलीं- लोग नहीं जानते सामने वाला क्या झेल रहा
क्या है खबर?
मशहूर अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु पिछले कुछ समय से मायोसाइटिस नाम की गंभीर बीमारी से जंग लड़ रही हैं। इस बीमारी की वजह से उनका वजन काफी कम हो गया है, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर लोग उन्हें लगातार टोक रहे हैं और तरह-तरह के ताने मार रहे हैं। अब ट्रोल करने वालों को करारा जवाब देते हुए सामंथा ने कहा है कि बाहर से बातें बनाना बहुत आसान है। क्या कुछ बोलीं सामंथा, आइए जानते हैं।
बीमारी
बीमारी की वजह से 2 साल तक एक जैसा खाना खाने पर मजबूर थीं सामंथा
गलाटा प्लस ने जब सामंथा से पूछा कि उन्होंने अपनी पालतू बिल्ली का नाम 'जिलेटो' (बिना चीनी और बिना दूध वाली आइसक्रीम) क्यों रखा तो उन्होंने इसके पीछे की बेहद भावुक कहानी बताई। सामंथा बोलीं, "जिन 2 सालों के दौरान मैं काम से ब्रेक पर थी, उस समय खाना मेरे लिए एक बड़ी मुसीबत बन गया था। अगर मैं ऐसा कुछ भी खा लेती, जिससे मेरा पेट खराब होता तो मेरी ऑटोइम्यून बीमारी (मायोसाइटिस) तुरंत बढ़ जाती थी।"
कहानी
ऐसे पड़ा बिल्ली का नाम 'जिलेटो'
अभिनेत्री ने बताया कि बीमारी के कारण उनके खाने-पीने पर कड़ी पाबंदियां लग गई थीं। उन्हें करीब 2 साल तक नाश्ते, लंच और डिनर में एक जैसा फीका खाना खाना पड़ा। बाद में डॉक्टरों ने खाने में पहली नई चीज के रूप में 'जिलेटो' शामिल करने की अनुमति दी। वो रोज बेसब्री से जिलेटो खाने का इंतजार करती थीं। इसी खास लगाव की वजह से जब उन्होंने एक बिल्ली पाली तो उसका नाम भी प्यार से 'जिलेटो' रख दिया।
स्थिति
"अब आराम से खा सकती हूं, पर ज्यादा नहीं"
सामंथा ने ये भी बताया कि अब वो आराम से खा सकती हैं, लेकिन बहुत ज्यादा नहीं। अपने वजन घटने को लेकर लगातार पूछे जा रहे सवालों और सोशल मीडिया पर हो रही चर्चाओं पर बात करते हुए उन्होंने कहा, "अब मैं एक अच्छी स्थिति में हूं, जहां मैं आराम से खा सकती हूं। बहुत ज्यादा तो नहीं, लेकिन हां खा सकती हूं। मुझसे हमेशा पूछा जाता है कि तुम्हारा वजन इतना कम क्यों हो गया?"
ट्रोलिंग
सामंथा ने ट्रोल करने वालों को दिया जवाब
सामंथा ने आगे अपना दर्द साझा करते हुए कहा, "लोग असल में कभी नहीं जानते कि सामने वाला किस दौर से गुजर रहा है। ऐसा नहीं है कि मैं खाना नहीं खाना चाहती, बात ये है कि मैं खा नहीं सकती थी।" साल 2021 में नागा चैतन्य से तलाक के बाद और 2022 में अपनी फिल्म 'यशोदा' के प्रचार के दौरान सामंथा ने सोशल मीडिया पर ये खुलासा किया था कि वो एक ऑटोइम्यून बीमारी (मायोसाइटिस) से पीड़ित हैं।