'मां इंटी बंगारम' से इतिहास रचने वाली सामंथा की इन फिल्मों का IMDb पर राज
क्या है खबर?
सामंथा रुथ प्रभु इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म 'मां इंटी बंगारम' के लिए खूब वाहवाही लूट रही हैं। ये फिल्म इतिहास रचते हुए सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तेलुगू महिला-केंद्रित फिल्म बन गई है। IMDb पर भी इस फिल्म को 8.7 रेटिंग मिली है। सामंथा की इस ऐतिहासिक सफलता के जश्न के बीच आइए नजर डालते हैं उनके करियर की उन 5 बेहतरीन फिल्मों पर, जिन्हें दर्शकों व समीक्षकों ने भी सराहा और IMDb पर भी जबरदस्त रेटिंग मिली।
#1
'महानती'
साल 2018 में आई राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म 'महानती' सामंथा के करियर की सबसे यादगार फिल्मों में से एक है। IMDb पर इसे 8.4 की शानदार रेटिंग मिली है। इस बायोपिक में सामंथा ने 'मधुरवाणी' नाम की एक युवा पत्रकार का किरदार निभाया था, जो विजय एंटनी (विजय देवरकोंडा) के साथ मिलकर महान अभिनेत्री सावित्री की जिंदगी की कहानी को सामने लाती है। फिल्म में कीर्ति सुरेश ने सावित्री की भूमिका निभाई थी।
#2
'रंगस्थलम'
सामंथा की सबसे बेहतरीन फिल्मों की बात हो तो 'रंगस्थलम' का नाम भी जरूर आता है। सुकुमार के निर्देशन में बनी साल 2018 की इस ब्लॉकबस्टर फिल्म को IMDb पर 8.2 रेटिंग मिली है। इस फिल्म में सामंथा ने 'रामलक्ष्मी' नाम की एक गांव की साधारण लड़की का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों और समीक्षकों दोनों से भरपूर सराहना मिली। राम चरण के साथ उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री और उनके ठेठ ग्रामीण अंदाज ने फिल्म में चार चांद लगा दिए थे।
#3
'सुपर डीलक्स'
साल 2019 में आई 'सुपर डीलक्स' को भी IMDb पर 8.2 रेटिंग मिली है। इस फिल्म में सामंथा ने 'वेमु' नाम की एक जटिल और डार्क किरदार निभाया, जो अपने पूर्व प्रेमी की अचानक मौत के बाद उसके शव को ठिकाने लगाने की कोशिश में फंस जाती है। समीक्षकों ने उनके अभिनय की खूब तारीफ की। विजय सेतुपति और फहद फासिल जैसे दिग्गज कलाकारों के बीच भी सामंथा ने अपनी दमदार अदाकारी से गहरी छाप छोड़ी।
#4 और #5
'मानम' और '24'
सामंथा के करियर की बेहतरीन फैंटेसी और साइंस-फिक्शन फिल्मों में 'मानम' और '24' का नाम शामिल है। पुनर्जन्म पर आधारित अक्किनेनी परिवार की फिल्म 'मानम' में सामंथा ने 'कृष्णवेणी' का किरदार निभाया था। नागा चैतन्य के साथ उनकी शानदार केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया। IMDb पर फिल्म को 8.0 की रेटिंग मिली है। उधर 7.9 रेटिंग वाली सूर्या अभिनीत '24' में सामंथा ने 'सत्या' नाम की चुलबुली और मासूम युवती का किरदार निभाकर दर्शकों का दिल जीता था।