सलमान खान ने लिया 25,000 दिहाड़ी मजदूरों का जिम्मा, प्रत्येक खाते में जमा होंगे 1,500 रुपये
क्या है खबर?
देशभर में कोरोना के खिलाफ जंग जारी है। रोजाना लाखों लोग इसकी चपेट में आ रहे हैं और हजारों मरीज दम तोड़ रहे हैं। कोरोना की सबसे अधिक मार गरीबों पर पड़ रही है।
खासकर दिहाड़ी मजदूर आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। अब सलमान खान फिल्म उद्योग के 25,000 गरीब मजदूरों की मदद के लिए आगे आए हैं।
इस खबर की पुष्टि FWICE के महासचिव अशोक दुबे ने की है। आइए जानते हैं उन्होंने इस बारे में क्या कहा।
जानकारी
सलमान ने मांगा है मजदूरों के बैंक खातों का विवरण
फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडियन सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के महासचिव अशोक दुबे ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा, "सलमान के मैनेजर ने फ्वाइस के अध्यक्ष बीएन तिवारी से बात की थी। उन्होंने हमसे 25,000 मजदूरों के बैंक खातों की जानकारी मांगी है। सलमान हर मजदूर के बैंक खाते में 1500 रुपये जमा करेंगे।"
दुबे ने कहा, "सलमान ने पिछले साल भी महामारी के दौरान मजदूरों की वित्तीय सहायता की थी और अब वह एक बार फिर उनके मसीहा बनकर लौट आए हैं।"
हालात
कोविड की दूसरी लहर ने फिर तोड़ी मजदूरों की कमर- अशोक दुबे
दुबे ने कहा, "बता दें कि पिछले साल राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के बाद कोरोना महामारी से फिल्म उद्योग बुरी तरह प्रभावित हुआ था। हालांकि, दिसंबर से फिर चीजें पटरी पर आने लगी थीं।
उन्होंने कहा, "दिहाड़ी मजदूरों को भी फरवरी से काम मिलना शुरू हो गया था। वे काम पाकर बहुत खुश थे, लेकिन कोविड की दूसरी लहर ने उन्हें घर पर बैठने के लिए मजबूर कर दिया और हालात फिर से बदतर हो गए।"
सहायता
सलमान ने पिछले साल भी की थी 25,000 मजदूरों की मदद
सलमान ने पिछले साल भी मजदूरों की मदद की थी। FWICE के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने कहा था, "हमने सलमान को 25,000 कामगारों की फाइनल सूची दी थी, जिन्हें वित्तीय मदद की सख्त जरूरत थी।"
उन्होंने कहा था, "हमारे कामगारों की मदद करने के लिए हम उनके शुक्रगुजार हैं। अगर सलमान नहीं होते तो पता नहीं हम और हमारे परिवारों का कैसे गुजारा होता।"
व्यवस्था
सलमान ने अग्रिम मोर्चे के कर्मचारियों के लिए किया था खाने का इंतजाम
सलमान ने पिछले महीने कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में अहम भूमिका निभा रहे अग्रिम मोर्चे के कर्मियों के खाने के पैकेट भेजे थे।
खाना पैक करके भेजने की प्रक्रिया की निगरानी करने के लिए वह बांद्रा स्थित रेस्तरां पहुंचे थे। युवा सेना के सदस्य राहुल कनल ने रेस्तरां से सलमान की एक तस्वीर भी शेयर की थी।
कनल ने सलमान का शुक्रिया अदा कर बताया था कि उन्होंने अग्रिम मोर्चे के कर्मियों के लिए खाने के 5,000 पैकेट भेजे।