सलमान खान छोड़ेंगे अपना 52 साल पुराना 'गैलेक्सी अपार्टमेंट'? नए 6 मंजिला घर को मिली मंजूरी
क्या है खबर?
सलमान खान जल्द ही अपना सालों पुराना और बेहद मशहूर ठिकाना 'गैलेक्सी अपार्टमेंट' छोड़ सकते हैं। मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के साथ सलमान और उनके परिवार की कई दशक पुरानी यादें जुड़ी हैं, लेकिन अब अभिनेता जल्द ही एक नए आशियाने में शिफ्ट होने की तैयारी कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान को बांद्रा के चिंबई इलाके में समंदर के किनारे एक नया 6 मंजिला आलीशान घर बनाने की प्रशासनिक मंजूरी मिल गई है।
कारण
सुरक्षा कारणों से सलमान खान बदल सकते हैं अपना घर
सलमान का नया प्लॉट उनकी मां सलमा खान के नाम पर दर्ज है, जहां अब आधुनिक और कड़ी सुरक्षा सुविधाओं से लैस बहुमंजिला इमारत बनाई जाएगी। हाल के वर्षों में गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर हुई गोलीबारी की घटनाओं के बाद इसे उनकी सुरक्षा के लिहाज से अहम कदम माना जा रहा है। हालांकि, सलमान या उनके परिवार ने अब तक ये पुष्टि नहीं की है कि वे 1974 से बसे गैलेक्सी अपार्टमेंट को छोड़कर नए घर में शिफ्ट होंगे।
मंजूरी
MCZMA ने दी 6 मंजिला इमारत को हरी झंडी
महाराष्ट्र कोस्टल जोन मैनेजमेंट अथॉरिटी (MCZMA) ने 16 जून को इस प्रस्तावित आवासीय भवन को हरी झंडी दी, जिसे 'सच डेवलपर्स' द्वारा लगभग 1,014 वर्ग मीटर के कुल निर्मित क्षेत्र में निर्माण किया जाएगा। ये नया आशियाना गैलेक्सी अपार्टमेंट से कुछ ही दूरी पर स्थित बांद्रा के चिंबई इलाके में समंदर के किनारे बनाया जाएगा। MCZMA के सूत्रों के अनुसार, जिस जमीन पर इस इमारत का निर्माण होना है, वह प्लॉट सलमान की मां सलमा के नाम पर दर्ज है।
तैयारी
निर्माण कार्य के बेहद करीब पहुंचा सलमान का नया घर
इस प्रोजेक्ट को लेकर एक और बड़ा अपडेट ये है कि इसे इससे पहले अक्टूबर 2025 में बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) से शुरुआती मंजूरी मिल चुकी थी। अब महाराष्ट्र कोस्टल जोन मैनेजमेंट अथॉरिटी (MCZMA) से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद ये प्रोजेक्ट निर्माण कार्य के बेहद करीब पहुंच गया है, चूंकि ये नया घर समंदर के पास बन रहा है, इसलिए इस मंजूरी के साथ इसे बनाने के लिए पर्यावरण से जुड़े कुछ कड़े नियमों का पालन करना होगा।
शर्त
नए घर के निर्माण में नहीं कटेगा एक भी पेड़
पर्यावरण को लेकर एक शर्त ये भी रखी गई है कि इस इमारत को बनाने के दौरान वहां पहले से मौजूद किसी भी पेड़ को काटा नहीं जाएगा। इसके बजाय, पर्यावरण की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस प्रॉपर्टी के चारों तरफ स्थानीय प्रजातियों के नए पेड़-पौधे लगाए जाएंगे। चूंकि ये निर्माण कार्य समंदर के पास यानी कोस्टल जोन अथॉरिटी के दायरे में आता है, इसलिए पर्यावरण को नुकसान से बचाने के लिए ये जरूरी कदम उठाया गया है।
फैसला
क्या 'गैलेक्सी' को अलविदा कहेंगे सलमान?
52 साल पुराना गैलेक्सी अपार्टमेंट सलमान की पहचान बना हुआ है। त्योहारों और अपने जन्मदिन के खास मौकों पर सलमान अक्सर इसी घर की बालकनी से फैंस का हाथ हिलाकर अभिवादन करते नजर आते हैं, जिसने इस पते को मुंबई के सबसे मशहूर सेलिब्रिटी ठिकानों में से एक बना दिया है। उधर उनका नया आशियाना मुख्य सड़क से दूर एक शांत गली में स्थित है। ये नया ठिकाना खान परिवार को पहले से कहीं ज्यादा निजता और बेहतरीन सुरक्षा देगा।