'मॉन्स्टर' के बाद राज-डीके की सुपरहीरो फिल्म में जुटेंगे सलमान खान, शूटिंग पर आया अपडेट
क्या है खबर?
मशहूर फिल्ममेकर जोड़ी राज-डीके ने इस साल सलमान खान के साथ एक फिल्म का ऐलान किया था। बताया गया था कि यह एक सुपरहीरो फिल्म होगी जिसमें अभिनेता एक थके हुए क्राइम-फाइटर का रोल करेंगे जो रिटायरमेंट के बारे में सोच रहा है। फिल्म की शूटिंग जनवरी, 2027 से शुरू होनी थी, लेकिन अब इसे आगे बढ़ाए जाने की खबर है। बताया जा रहा है कि इसका कारण सलमान की आगामी फिल्मों 'मातृभूमि' और 'मॉन्स्टर' में उनकी व्यस्तता है।
शूटिंग
'मॉन्स्टर' के बाद आएगा सुपरहीरो फिल्म का नंबर
मिड-डे से बातचीत में, एक सूत्र ने बताया कि सलमान अपनी सुपरहीरो फिल्म की शूटिंग अप्रैल, 2027 में शुरू करेंगे।
उन्होंने कहा, "मातृभूमि 4 दिसंबर को रिलीज होने वाली है, और ऐसा लगता है कि इसका असर सलमान की आने वाली फिल्मों पर भी पड़ेगा। हमें पता चला है कि सुपरस्टार की फिल्ममेकर जोड़ी राज-डीके के साथ अभी तक बिना टाइटल वाली सुपरहीरो फिल्म, जिसके पहले जनवरी 2027 में शुरू होने की उम्मीद थी, अब अप्रैल में शुरू होगी।"
कारण
इस कारण फिल्म की शूटिंग में होगी देरी
सूत्र ने आगे कहा, "सलमान इस महीने और दिसंबर की शुरुआत में 'मातृभूमि' के प्रमोशन में व्यस्त रहेंगे, फिर 'मॉन्स्टर' की शूटिंग पर लौटेंगे। एक एक्शन सीक्वेंस फिल्माया जाना है। वह जनवरी में इसकी शूटिंग करेंगे, फिर फिल्म का प्रमोशन और ईद रिलीज देखेंगे। उसके बाद वह राज-डीके की फिल्म में लग जाएंगे।"
सलमान इस परियोजना के साथ पहली बार राज-डीके संग जुड़ रहे हैं, जिन्होंने 'द फैमिली मैन' और 'फर्जी' जैसी सीरीज का निर्माण करके लोकप्रियता बटोरी है।