'मातृभूमि' के बाद सलमान खान एक्शन अतवार में करेंगे वापसी, इस फिल्म के लिए कसी कमर
क्या है खबर?
सलमान खान की फिल्मों का उनके फैंस को हमेशा से इंतजार रहता है। 'सिकंदर' (ईद, 2025) के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद, उनकी अगली फिल्म 'मातृभूमि' चर्चा में है जिसकी रिलीज तारीख तय होना बाकी है। हाल ही में, खबर आई थी कि सलमान ने नई फिल्म के लिए कथित तौर पर निर्माता दिल राजू और निर्देशक वामशी पेडिपल्ली के साथ हाथ मिलाया है। अब इस परियोजना से जुड़ी एक उत्सुकता बढ़ा देने वाली खबर आई है।
शूटिंग
अप्रैल से शुरू हो सकता है फिल्म पर काम
मिड-डे के मुताबिक, अंदरूनी सूत्र ने बताया कि सलमान 14 अप्रैल से परियोजना की शूटिंग शुरू कर देंगे। मुंबई के गोरेगांव स्थित SRPF ग्राउंड में विशाल सेट का निर्माण चल रहा है। उन्होंने कहा, "यह कोई साधारण सेट नहीं है, बल्कि एक छोटा शहर जैसा है। सेट को घनी आबादी वाले शहरी इलाके जैसा बनाया गया है, जिसे उच्च जोखिम वाले क्षेत्र के रूप में दिखाया जाएगा, जहां बड़े पैमाने पर एक्शन सीक्वेंस फिल्माया जाएगा। इसे औद्योगिक बस्ती जैसा समझें।"
एक्शन थ्रिलर
सलमान एक्शन थ्रिलर फिल्म में लौटेंगे
पिंकविला के मुताबिक, बिना नाम वाली यह फिल्म भारी बजट में बनाई जाएगी जिसमें बॉलीवुड और साउथ के कई बड़े सितारे साथ में जुड़ेंगे। सूत्र ने कहा, "यह एक हाई-ऑक्टेन एक्शन-थ्रिलर है जिसमें गहन भावनाएं शामिल होंगी। पेडिपल्ली, सलमान को बिल्कुल नए अवतार और लुक में पेश करने की योजना बना रहे हैं, जिससे वे तुरंत उत्साहित हो गए।" बताया जाता है कि निर्माता इस परियोजना को 2027 में बड़े पर्दे पर लाने का लक्ष्य रख रहे हैं।